वाराणसी। गुरु-शिष्य परंपरा के पावन पर्व गुरु पूर्णिमा का भव्य आयोजन 29 जुलाई (बुधवार) को शिवाला स्थित अघोर पीठ बाबा कीनाराम स्थल, क्रीकुंड में पारंपरिक श्रद्धा और उल्लास के साथ किया जाएगा। इस अवसर पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु सद्गुरु के दर्शन-पूजन, आशीर्वचन तथा विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में सहभागी बनेंगे।
गुरु पूर्णिमा महोत्सव का शुभारंभ प्रातःकालीन आरती के उपरांत श्रमदान, स्वच्छता अभियान और प्रभात फेरी से होगा। इसके बाद प्रातः 8:30 बजे पीठाधीश्वर बाबा सिद्धार्थ गौतम राम अघोरेश्वर परंपरा की सभी समाधियों का पूजन एवं दर्शन करेंगे।
प्रातः 9:30 बजे से श्रद्धालुओं के लिए पीठाधीश्वर के दर्शन-पूजन का क्रम प्रारंभ होगा। दोपहर 12 बजे से श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद का वितरण किया जाएगा।

सायंकाल 4 बजे से गोष्ठी का आयोजन होगा, जिसमें पीठाधीश्वर बाबा सिद्धार्थ गौतम राम श्रद्धालुओं को अपना आशीर्वचन प्रदान करेंगे। इसके उपरांत सायं 7:30 बजे सायंकालीन आरती होगी। रात्रि 8 बजे से सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ होगा, जो मध्यरात्रि तक चलेंगे।










