वाराणसी। सिगरा क्षेत्र स्थित एक आवास पर शुक्रवार को हिन्दू जनजागृति समिति एवं विभिन्न हिन्दू संगठनों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में समाज में जागरूकता फैलाने तथा महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा को लेकर अभियान चलाने का निर्णय लिया गया।
बैठक में वक्ताओं ने तथाकथित “लव जिहाद”, “कॉर्पोरेट जिहाद” और “गजवा-ए-हिंद” जैसे मुद्दों पर अपनी चिंताएं व्यक्त करते हुए लोगों को जागरूक करने की बात कही। वाराणसी व्यापार मंडल के अध्यक्ष अजीत सिंह बग्गा ने बताया कि “बेटी सुरक्षित, राष्ट्र सुरक्षित” जनजागरूकता अभियान के अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में व्याख्यान, संगोष्ठियां और संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि 1 जून से 15 जून तक “हर घर योद्धा” अभियान भी चलाया जाएगा, जिसके तहत बेटियों और महिलाओं को निःशुल्क कराटे, नानचाकू और मार्शल आर्ट का प्रशिक्षण दिया जाएगा, ताकि वे आत्मरक्षा के प्रति जागरूक और सक्षम बन सकें।

बैठक में सद्गुरु निलेश सिंगबाल, सुनील चौरसिया, संजीवन यादव, डॉ. सोहनलाल आर्य, दीपक सिंह, रवि श्रीवास्तव, विश्वनाथ कुलकर्णी एवं राजन केशरी सहित कई लोग उपस्थित रहे।









