Follow us on

Home » राज्य समाचार » उत्तर प्रदेश » वाराणसी » गंगा में इफ्तार पार्टी का विवाद: नॉनवेज खाने और अवशेष फेंकने पर 14 गिरफ्तार

गंगा में इफ्तार पार्टी का विवाद: नॉनवेज खाने और अवशेष फेंकने पर 14 गिरफ्तार

Share this post:

वाराणसी। गंगा नदी में नाव पर सवार होकर इफ्तार पार्टी के दौरान नॉनवेज भोजन करने और उसके अवशेष नदी में फेंकने के वायरल वीडियो मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए 14 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया और मामले को गंभीरता से लेते हुए त्वरित कार्रवाई की गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह घटना शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत गंगा नदी में नाव पर आयोजित एक इफ्तार पार्टी के दौरान की बताई जा रही है। वायरल वीडियो में कुछ युवक नाव पर बैठकर बिरयानी खाते हुए दिखाई दे रहे हैं और कथित तौर पर उसके अवशेष गंगा में फेंकते नजर आ रहे हैं।

मामले में भारतीय जनता युवा मोर्चा के महानगर अध्यक्ष रजत जायसवाल द्वारा दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया कि इस कृत्य से करोड़ों लोगों की आस्था को ठेस पहुंची है। उन्होंने कहा कि गंगा नदी केवल एक जलधारा नहीं, बल्कि सनातन परंपरा में आस्था और श्रद्धा का प्रमुख केंद्र है, जहां प्रतिदिन देश-विदेश से लाखों श्रद्धालु स्नान और आचमन के लिए आते हैं।

शिकायत में यह भी कहा गया कि इस प्रकार का कृत्य न केवल धार्मिक भावनाओं को आहत करता है, बल्कि गंगा की स्वच्छता और पर्यावरण के लिए भी गंभीर खतरा है। आरोप है कि यह कार्य जानबूझकर किया गया, जिससे सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने की कोशिश की गई।

तहरीर के आधार पर कोतवाली पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 298, 299, 196(1)(बी), 270, 279, 223(बी) तथा जल (प्रदूषण निवारण एवं नियंत्रण) अधिनियम, 1974 की धारा 24 के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

पुलिस ने वायरल वीडियो की जांच कर उसमें दिखाई दे रहे कुल 14 लोगों की पहचान की और उन्हें गिरफ्तार कर लिया। सभी आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। वहीं, नाव चालक की भूमिका भी जांच के दायरे में है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यदि उसकी संलिप्तता पाई गई तो उसके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई करते हुए लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति की जाएगी।

इधर, इस घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और विभिन्न संगठनों में रोष व्याप्त है। लोगों ने गंगा की मर्यादा और स्वच्छता बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।

लेखक के बारे में

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

मौसम अपडेट

राशिफल

0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x