वाराणसी, 17 फरवरी 2026। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के महाराजा (डॉ.) विभूति नारायण सिंह गंगापुर परिसर में मंगलवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के तत्वावधान में राष्ट्रीय सेवा योजना द्वारा स्वच्छ भारत अभियान के अंतर्गत एक दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण के महत्व को रेखांकित करना रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ परिसर प्रभारी डॉ. मनीष कुमार सिंह एवं एनएसएस की विभिन्न इकाइयों के कार्यक्रम अधिकारियों ने स्वयंसेवकों को स्वच्छता की शपथ दिलाकर किया। इस अवसर पर स्वयंसेवकों ने परिसर में झाड़ू लगाकर साफ-सफाई की, कूड़ा-कचरा एकत्रित किया तथा स्वच्छता संबंधी जनजागरूकता रैली निकालकर लोगों को स्वच्छता अपनाने के लिए प्रेरित किया।
अपने संबोधन में परिसर प्रभारी डॉ. सिंह ने कहा कि स्वच्छता केवल एक सरकारी अभियान नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विद्यार्थियों से आह्वान किया कि वे स्वच्छता को अपनी दैनिक जीवनशैली का हिस्सा बनाएं और समाज में भी इसके प्रति जागरूकता फैलाएं। कार्यक्रम अधिकारियों ने स्वच्छ भारत अभियान के उद्देश्यों पर प्रकाश डालते हुए युवाओं की सक्रिय भागीदारी को इसकी सफलता की कुंजी बताया।

शिविर में बड़ी संख्या में एनएसएस स्वयंसेवकों, छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने परिसर को स्वच्छ रखने और समाज में स्वच्छता का संदेश प्रसारित करने का संकल्प लिया।









