लखनऊ। सम्पूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय, वाराणसी के कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने रविवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके लखनऊ स्थित कार्यालय में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान कुलपति ने विश्वविद्यालय द्वारा प्रकाशित महत्वपूर्ण ग्रंथ ‘गोरक्षसंहिता’ मुख्यमंत्री को भेंट किया।
मुलाकात के दौरान कुलपति ने विश्वविद्यालय में चल रहे शैक्षणिक, सांस्कृतिक और आधारभूत ढांचे से जुड़े विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने नए निर्माण कार्यों, शैक्षिक योजनाओं और संस्थान के समग्र विकास की रूपरेखा भी मुख्यमंत्री के सामने रखी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विश्वविद्यालय की प्रगति पर संतोष जताते हुए इसे भारतीय ज्ञान परंपरा के संरक्षण और संवर्धन का प्रमुख केंद्र बताया। उन्होंने विश्वविद्यालय के विकास के लिए राज्य सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया।

यह मुलाकात विश्वविद्यालय और सरकार के बीच बेहतर समन्वय को मजबूत करने के साथ-साथ संस्कृत शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।









