वाराणसी। काशी में पहली बार वैश्य समाज द्वारा सामूहिक यज्ञोपवीत संस्कार का आयोजन वैश्य कुल गुरु मठ, मच्छोदरी में श्रद्धा, उल्लास एवं वैदिक परंपराओं के साथ सम्पन्न हुआ। श्री श्री वामनाश्रम महास्वामी महाराज की प्रेरणा से आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में वैश्य समाज के लोगों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम का शुभारंभ ब्रह्ममुहूर्त में वैश्य गुरु श्री संदीप कनेकर के सानिध्य में वैदिक पूजन एवं गणेश पूजन के साथ हुआ। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बच्चों को यज्ञोपवीत धारण कराया गया तथा गायत्री मंत्र की दीक्षा देकर संस्कारित एवं अनुशासित जीवन जीने का संकल्प दिलाया गया।
सामूहिक उपनयन संस्कार में तुषार केशरी, अभिराज कान्हा, केशव सौरी बरनवाल, गौरिश बरनवाल, प्राजव, राघव, कार्तिक एवं अर्जुन सहित कई बच्चों ने सहभागिता की। धार्मिक वातावरण और वैदिक परंपराओं के निर्वहन से पूरा परिसर भक्तिमय बना रहा।

इस अवसर पर अजय केशरी, संजय केशरी, राजकुमार जायसवाल, मनीष केशरी, पारस केशरी, मुरलीधर जायसवाल, प्रदीप, मान सिंह, कन्हैया जायसवाल, विनय केशरी एवं संदीप केशरी सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे। आयोजकों ने इसे वैश्य समाज में सांस्कृतिक एवं धार्मिक जागरूकता को बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।









