कोलकाता। नशीले कफ सिरप के अवैध कारोबार में नामित मुख्य आरोपी शुभम जायसवाल पर शिकंजा कसने की दिशा में प्रशासन ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। कार्रवाई के क्रम में पुलिस ने शुभम के पिता भोला प्रसाद जायसवाल को कोलकाता एयरपोर्ट से दबोच लिया। बताया जा रहा है कि यह गिरफ्तारी लंबे समय से चल रही निगरानी और खुफिया इनपुट के आधार पर की गई, जिसके बाद उन्हें हिरासत में लेकर वाराणसी लाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उधर, सरगना शुभम जायसवाल अब भी फरार है और उसकी लोकेशन को लेकर पुलिस तथा सुरक्षा एजेंसियाँ लगातार प्रयासरत हैं। विश्वसनीय सूत्रों के अनुसार, शुभम के दुबई में छिपे होने की आशंका के बीच एसटीएफ की एक विशेष टीम उसे भारत लाने की कवायद में जुट चुकी है। अंतरराष्ट्रीय कानून व प्रत्यर्पण से जुड़ी औपचारिकताओं पर संबंधित एजेंसियाँ समन्वय कर रही हैं। कफ सिरप की तस्करी और इसके नेटवर्क से जुड़े कई राज्यों की पुलिस भी मामले में सक्रिय है। जांच एजेंसियों का मानना है कि शुभम के गिरफ्त में आने के बाद इस नेटवर्क के कई अहम खुलासे होने की संभावना है। प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि यह कार्रवाई केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि पूरे गिरोह पर शिकंजा कसने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। इस घटनाक्रम ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि “कानून के हाथ लंबे होते हैं”, और चाहे आरोपी कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, कानून से बचना अंततः संभव नहीं है।








