वाराणसी। वाराणसी कचहरी के विस्तारीकरण की मांग को लेकर गुरुवार को बनारस क्लब के सामने स्थित जननायक कर्पूरी ठाकुर पार्क में अधिवक्ताओं ने एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन एवं सभा आयोजित की। कार्यक्रम का नेतृत्व दी बनारस बार एसोसिएशन के अध्यक्ष विनोद कुमार शुक्ल (एड.) एवं महामंत्री सुधांशु मिश्रा (एड.) ने किया।
धरना शुरू होने से पूर्व अधिवक्ताओं ने जननायक कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर आंदोलन का शुभारंभ किया। इसके बाद बड़ी संख्या में अधिवक्ता धरना स्थल पर एकत्र हुए और कचहरी विस्तारीकरण की मांग को लेकर समर्थन जताया।
सभा को संबोधित करते हुए अध्यक्ष विनोद कुमार शुक्ल ने कहा कि वाराणसी कचहरी के विस्तारीकरण के लिए अधिवक्ता समाज संवैधानिक तरीके से हर स्तर पर संघर्ष करेगा। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन आगे भी चरणबद्ध ढंग से जारी रहेगा और आवश्यकता पड़ने पर इसे विशाल जनआंदोलन का रूप दिया जाएगा।

उन्होंने मांग उठाई कि वर्तमान कचहरी परिसर को यथावत रखते हुए उसके आसपास स्थित बनारस क्लब, उद्यान विभाग एवं कमिश्नर आवास की भूमि कचहरी को उपलब्ध कराई जाए, ताकि न्यायिक व्यवस्था के विस्तार के लिए पर्याप्त स्थान सुनिश्चित हो सके।
धरना-सभा में मुख्य रूप से सुनील दत्त मिश्रा, पंकज पाण्डेय, सतीश यादव, संदीप मौर्या, अमरदीप सिंह, मोनू चौबे, रजनीकांत मिश्रा, शुभम प्रकाश सिंह, अभिषेक दुबे, शिवम्, सुमित उपाध्याय, प्रेमचंद्र मिश्रा सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।









