वाराणसी। ईडब्ल्यूएस आरक्षण को लेकर राजपूत करणी सेना ने बड़ा बयान दिया है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह रघुवंशी ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर सवर्ण वर्ग को भी अन्य वर्गों की तरह 15 प्रतिशत आरक्षण मिलना चाहिए।उन्होंने गुरुवार को गिलट बाजार स्थित विश्वनाथ वाटिका में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि इस मांग को लेकर 19 दिसंबर को शास्त्रीघाट पर प्रदेशव्यापी रैली आयोजित की जानी थी, जिसमें लगभग पच्चीस हजार लोगों के शामिल होने की संभावना थी। लेकिन प्रशासनिक कारणों और प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को देखते हुए रैली को कुछ समय के लिए स्थगित कर दिया गया है।रघुवंशी ने बताया कि इस मुद्दे पर बुधवार को जिलाधिकारी, पुलिस कमिश्नर और डीआईजी से वार्ता हुई। प्रशासन ने रैली के लिए उचित समय पर अनुमति देने का आश्वासन दिया है।उन्होंने कहा कि राजपूत करणी सेना एक सामाजिक संगठन है और वह अपने हक तथा आरक्षण की मांग को संवैधानिक दायरे में रहकर शासन-प्रशासन के सामने रखती रहेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने उनकी मांगें पूरी नहीं कीं, तो आंदोलन और भी तेज किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी।पत्रकार वार्ता में प्रदेश महासचिव संदीप सिंह, जिलाध्यक्ष आलोक कुमार सिंह, महानगर अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।








