वाराणसी। इनर व्हील क्लब वाराणसी ग्रेटर द्वारा रविवार को ऐतिहासिक संकट मोचन मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए वाटर कूलर एवं वाटर प्यूरीफायर का उद्घाटन किया गया। कार्यक्रम में क्लब पदाधिकारियों एवं विशिष्ट अतिथियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए क्लब अध्यक्ष संगीता अग्रवाल ने कहा कि यह परियोजना प्रतिदिन मंदिर में आने वाले हजारों श्रद्धालुओं को समर्पित है। स्वच्छ पेयजल हर व्यक्ति की मूलभूत आवश्यकता है और क्लब समाज सेवा के उद्देश्य से निरंतर ऐसे जनहित कार्य करता रहेगा। उन्होंने संकट मोचन मंदिर के महंत, डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन प्रिया नारायण, रोटरी अध्यक्ष संदीप प्रहलाडका, अपकमिंग डिस्ट्रिक्ट आईएसओ तान्या ढाल सहित सभी अतिथियों का स्वागत किया।
इस अवसर पर लक्सा स्थित महर्षि बलदेव विद्या मंदिर में स्थापित एसटीईएम लैब का उद्घाटन भी डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन प्रिया नारायण द्वारा किया गया। आधुनिक तकनीक से सुसज्जित इस लैब में कंप्यूटर एवं अन्य प्रयोगशाला उपकरण उपलब्ध कराए गए हैं, जिससे विद्यार्थियों को विज्ञान और तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर अवसर मिल सकेंगे।

कार्यक्रम में कोषाध्यक्ष ज्योति अग्रवाल, एडिटर शिवा सेलट, वरिष्ठ सदस्य आशा अग्रवाल, भारती जायसवाल, प्रियंका केसरी, राजेश जायसवाल सहित क्लब की अन्य सदस्याएँ मौजूद रहीं। अतिथियों ने इनर व्हील क्लब वाराणसी ग्रेटर द्वारा किए जा रहे जनकल्याणकारी कार्यों की सराहना करते हुए टीम को निरंतर समाज सेवा के लिए शुभकामनाएँ दीं।









