वाराणसी। इंडियन एडवोकेट एसोसिएशन (आईएए) के केंद्रीय प्रबंधकारिणी समिति के नवनिर्वाचित पदाधिकारी एवं सदस्यों का पद ग्रहण एवं शपथ समारोह रविवार को मलदहिया स्थित सिंह निकेतन, जीवनदीप चैरिटेबल ट्रस्ट परिसर के सभागार में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में अधिवक्ताओं ने न्याय व्यवस्था की गरिमा बनाए रखने तथा अधिवक्ता हित में कार्य करने का संकल्प लिया।
गौरतलब है कि एसोसिएशन के पदाधिकारियों का निर्वाचन जनवरी 2026 में संपन्न हुआ था। इसके तहत डॉ. अरविंद गांधी एडवोकेट को केंद्रीय अध्यक्ष, तारक नाथ गांगुली एडवोकेट को वरिष्ठ उपाध्यक्ष, शशि वर्मा एडवोकेट को उपाध्यक्ष, राकेश कुमार गुप्ता एडवोकेट को महामंत्री, राजन कुमार एडवोकेट को मंत्री, पवन कुमार विश्वकर्मा एवं अखिलेश कुमार एडवोकेट को संयुक्त मंत्री, तथा राजकुमार यादव एडवोकेट को कोषाध्यक्ष चुना गया। वहीं हरीश जी एडवोकेट, बलदाऊ एडवोकेट एवं डॉ. सुल्तान खान एडवोकेट को प्रबंधकारिणी समिति का सदस्य निर्वाचित किया गया।
समारोह में मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के सदस्य एवं पूर्व चेयरमैन वरिष्ठ अधिवक्ता हरिशंकर सिंह ने सभी पदाधिकारियों एवं सदस्यों को शपथ दिलाई। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे बार और बेंच की मर्यादा बनाए रखते हुए न्यायालय में अपने कर्तव्यों का निर्वहन करें। साथ ही एसोसिएशन को अधिवक्ता हितों के संरक्षण और वादकारियों के अधिकारों की रक्षा के लिए सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए, जिससे न्याय व्यवस्था पर जनता का विश्वास और मजबूत हो।

कार्यक्रम की अध्यक्षता सेंट्रल बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष डॉ. राम अवतार पांडेय ने की। इस अवसर पर अरविंद कुमार राय, अभिषेक राय, दिलीप कुमार श्रीवास्तव, ज्ञानेंद्र नाथ शर्मा, जवाहीर लाल गुप्ता, सुभाष नंदन चतुर्वेदी सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता उपस्थित रहे।
समारोह का संचालन डॉ. अरविंद गांधी एडवोकेट ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन उपाध्यक्ष शशि वर्मा एडवोकेट ने किया।








