वाराणसी। पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी की जल पुलिस टीम ने तत्परता और साहस का परिचय देते हुए अस्सी घाट पर गंगा स्नान के दौरान डूब रहे एक किशोर की जान बचा ली। घटना मंगलवार सुबह लगभग 6:25 बजे की है, जब जखनी तिमुहानी निवासी करीब 15 वर्षीय बालक अपने परिवार के साथ गंगा स्नान के लिए अस्सी घाट आया था। स्नान के दौरान वह गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा।
मौके पर ड्यूटी में तैनात जल पुलिस कर्मियों ने तत्काल सक्रियता दिखाते हुए गंगा नदी में रेस्क्यू अभियान चलाया। राहत एवं बचाव उपकरणों की सहायता से किशोर को सकुशल बाहर निकाल लिया गया। प्राथमिक देखरेख के बाद उसे उसके परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। बालक की स्थिति सामान्य बताई गई है।
परिजनों ने जल पुलिस टीम का आभार व्यक्त करते हुए कमिश्नरेट वाराणसी पुलिस की सराहना की। वहीं घाट पर मौजूद अन्य श्रद्धालुओं को भी बैरिकेटिंग के अंदर रहकर ही स्नान करने की अपील की गई, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके। सराहनीय कार्य करने वाली पुलिस टीम में वोट चालक चन्द्रशेखर, कांस्टेबल वैभव सिंह तथा होमगार्ड अशोक कुमार शामिल रहे।










