वाराणसी। विप्र समाज काशी के तत्वावधान में गंगा दशहरा के पावन अवसर पर मंगलवार को देवी अहिल्याबाई घाट पर शहर दक्षिणी विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी के नेतृत्व में मां गंगा का भव्य दुग्धाभिषेक एवं पूजन आयोजित किया गया। शास्त्रार्थ महाविद्यालय के 51 बटुकों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधिवत पूजन-अर्चन कर 51 लीटर दूध से गंगा अभिषेक किया।
कार्यक्रम का संयोजन विप्र समाज काशी के अध्यक्ष डॉ. पवन शुक्ला ने किया, जबकि वैदिक आचार्य पंडित उदित नारायण मिश्रा के आचार्यत्व में षोडशोपचार पूजन संपन्न हुआ। पूजन के दौरान गंधाक्षत, पुष्प, केसर, नैवेद्य एवं फलों का अर्पण किया गया। वैदिक मंत्रों की ध्वनि से पूरा घाट भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो उठा।
इस अवसर पर विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कहा कि गंगा दशहरा हिंदू धर्म का अत्यंत पवित्र एवं आध्यात्मिक महत्व वाला पर्व है। यह मां गंगा के स्वर्ग से पृथ्वी पर अवतरण की स्मृति में मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि इस दिन गंगा स्नान, दान एवं पूजा-अर्चना करने से मनुष्य को पापों से मुक्ति तथा मोक्ष की प्राप्ति होती है।

कार्यक्रम में वास्तुविद पंडित प्रमोद कुमार मिश्र, रमेश तिवारी, विशाल औढेकर, डॉ. अशेष नारायण द्विवेदी, संजय उपाध्याय, किशोरी रमण दूबे ‘बाबू महाराज’, एडवोकेट प्रकाश गुप्ता, आकाश पाठक, षडानन पाठक समेत बड़ी संख्या में ब्राह्मण बटुक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।









