वाराणसी। सामाजिक संस्था सर्व वैश्य समाज समिति ट्रस्ट द्वारा प्रदेश सरकार के मंत्री रविन्द्र जायसवाल के संरक्षण में केंद्रीय विद्यालय बीएचयू परिसर में विद्यार्थियों की सुविधा हेतु वाटर कूलर स्थापित किया गया। भीषण गर्मी को देखते हुए संस्था की इस पहल की विद्यालय परिवार एवं अभिभावकों ने सराहना की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए समिति के अध्यक्ष आर.के. चौधरी ने कहा कि सर्व वैश्य समाज समिति सदैव समाज हित एवं लोक कल्याण से जुड़े कार्यों में सक्रिय भूमिका निभाती रही है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ती गर्मी को देखते हुए विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों को शुद्ध एवं शीतल पेयजल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से यह वाटर कूलर स्थापित कराया गया है।
समिति के महामंत्री दीपक कुमार बजाज ने कहा कि “जल ही जीवन है” और जल के बिना मानव जीवन की कल्पना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध हो, इसी सोच के साथ समिति द्वारा विद्यालय परिसर में वाटर कूलर स्थापित किया गया है। इससे न केवल विद्यालय के छात्र-छात्राएं लाभान्वित होंगे, बल्कि विभिन्न परीक्षाओं के दौरान अन्य जनपदों एवं राज्यों से आने वाले अभ्यर्थियों को भी सुविधा मिलेगी।

इस अवसर पर विद्यालय के प्रधानाचार्य अशोक सिंह ने संस्था के इस सामाजिक कार्य की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में आर.के. चौधरी, दीपक कुमार बजाज, उमाशंकर अग्रवाल, सर्वेश अग्रवाल, सुरेश तुलस्यान, श्याम सुंदर प्रसाद, श्याम सुंदर अग्रवाल, अभिषेक अग्रवाल, पंकज अग्रवाल, राजेन्द्र मोहन शाह सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।









