वाराणसी। केंद्रीय रेलवे महिला कल्याण संगठन, नई दिल्ली के निर्देशन में रविवार को देशभर में रेलवे कर्मचारियों के बच्चों के लिए अखिल भारतीय ऑन-द-स्पॉट ड्राइंग एंड पेंटिंग प्रतियोगिता आयोजित की गई। इसी क्रम में बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) स्थित बाल निकेतन विद्यालय में बरेका महिला कल्याण संगठन की ओर से प्रतियोगिता का आयोजन हुआ, जिसमें बरेका कर्मचारियों के करीब 373 बच्चों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
प्रतियोगिता की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए ड्राइंग-पेंटिंग के विषय केंद्रीय रेलवे महिला कल्याण संगठन, नई दिल्ली की ओर से सीलबंद लिफाफे में भेजे गए थे। निर्धारित समय सुबह 10:30 बजे बरेका महिला कल्याण संगठन की उपाध्यक्ष श्रीमती सरिता सिन्हा ने सीलबंद लिफाफा खोलकर विषयों की घोषणा की।
प्रतियोगिता में बच्चों को आयु के आधार पर तीन समूहों में विभाजित किया गया। 6 से 9 वर्ष के ग्रुप-1 के लिए ‘फलों की टोकरी’, ‘रेल गाड़ी’ अथवा ‘मेरा पसंदीदा कार्टून’, 10 से 12 वर्ष के ग्रुप-2 के लिए ‘विद्यालय की पिकनिक’ अथवा ‘सुंदर बगीचा’ तथा 13 से 15 वर्ष के ग्रुप-3 के लिए ‘शादी का दृश्य’ अथवा ‘माता-पिता के साथ रेल यात्रा’ विषय निर्धारित किए गए।
बच्चों ने निर्धारित दो घंटे में अपनी कल्पनाशीलता, रचनात्मकता और भावनाओं को रंगों एवं चित्रों के माध्यम से प्रभावशाली ढंग से अभिव्यक्त किया। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों में खासा उत्साह और उमंग देखने को मिली।

बरेका महिला कल्याण संगठन की सचिव श्रीमती राखी गुप्ता ने कहा कि आरडब्ल्यूडब्ल्यूसीओ के निर्देशन में देशभर में एक ही दिन आयोजित यह प्रतियोगिता रेलवे कर्मचारियों के बच्चों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर देती है। ऐसे आयोजन बच्चों की रचनात्मकता, कल्पनाशक्ति, आत्मविश्वास और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर बरेका महिला कल्याण संगठन की वरिष्ठ सदस्य श्रीमती गुरमीत कौर, श्रीमती अनुजा अग्रवाल, श्रीमती सुनीता, श्रीमती प्रियंका प्रसाद, श्रीमती हंसा, श्रीमती स्वाति चौधरी, श्रीमती मीनाक्षी सिंह एवं श्रीमती अनुजा खरे उपस्थित रहीं।










