वाराणसी। सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्था दीक्षा महिला शोध संस्थान का 9वां स्थापना दिवस समारोह रविवार को पराड़कर स्मृति भवन के सभागार में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि डॉ. अशोक कुमार राय ने दीप प्रज्ज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत की गई।
समारोह में बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। संस्था की अध्यक्ष संतोषी शुक्ला ने मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का स्वागत किया। इस अवसर पर जरूरतमंद महिलाओं को सिलाई मशीनों का वितरण भी किया गया।
समारोह का प्रमुख आकर्षण समाजसेवा, पत्रकारिता और चिकित्सा क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देने वाली पांच विभूतियों का सम्मान रहा। मुख्य अतिथि डॉ. अशोक कुमार राय ने काशी के वरिष्ठ पत्रकार डॉ. अत्रि भारद्वाज, डॉ. कैलाश सिंह विकास, राधेश्याम कमल, वरिष्ठ रेडियोलॉजिस्ट प्रो. ओमप्रकाश शर्मा तथा इनरव्हील क्लब बनारस की अध्यक्ष सुषमा सिंह को अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर ‘कर्मवीर सम्मान’ से सम्मानित किया।
समारोह में संस्था की सामाजिक गतिविधियों और महिला कल्याण के प्रयासों की सराहना की गई। आयोजन ने सेवा, महिला सशक्तीकरण और सामाजिक सरोकारों के प्रति संस्था की प्रतिबद्धता को भी रेखांकित किया।











