वाराणसी। विश्व प्रसिद्ध अघोर पंथ के पवित्र तीर्थस्थल क्रीं कुंड, रविन्द्रपुरी कॉलोनी स्थित बाबा कीनाराम स्थल पर 1 मई को भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन अघोर पीठ के पीठाधीश्वर बाबा सिद्धार्थ गौतम राम के अवतरण दिवस के पावन अवसर पर सामाजिक संस्था अघोराचार्य बाबा कीनाराम अघोर शोध एवं सेवा संस्थान के सौजन्य से सम्पन्न होगा।
संस्था के प्रमुख व्यवस्थापक अरुण सिंह एवं महिला मंडल की सदस्य व कार्यक्रम संयोजिका रूबी सिंह ने पत्रकार वार्ता में बताया कि इस वर्ष 55 जरूरतमंद नव युवक-युवतियों का विवाह वैदिक रीति-रिवाजों के साथ कराया जाएगा। यह आयोजन सामाजिक समरसता, सेवा और मानवता के मूल्यों को सशक्त करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
कार्यक्रम की रूपरेखा के अनुसार, पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न 1 बजे तक हल्दी की रस्में संपन्न होंगी, जबकि रात्रि 8 बजे से मध्यरात्रि तक वैवाहिक अनुष्ठान पूरे विधि-विधान से कराए जाएंगे। इसके उपरांत प्रसाद वितरण का कार्यक्रम भी आयोजित होगा।

इस पावन अवसर पर अघोर पीठ के पीठाधीश्वर बाबा सिद्धार्थ गौतम राम नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद प्रदान करेंगे, साथ ही उपस्थित श्रद्धालु भी उनके सान्निध्य का लाभ प्राप्त करेंगे।
प्रेसवार्ता में संगीता सिंह, राजेन्द्र सिंह, विनय सिंह, श्याम राज यादव, संजय सिंह, सिद्ध नाथ सिंह, नीरज वर्मा, रवि सिंह, कमलेश तथा शशिकांत श्रीवास्तव सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।










