वाराणसी। श्रावण मास में काशी पहुंच रहे लाखों कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा और सुगम आवागमन को लेकर पुलिस कमिश्नरेट पूरी तरह अलर्ट है। पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने शनिवार को मंडुवाडीह से रथयात्रा, गुरुबाग होते हुए गोदौलिया तक शहरी कांवड़ मार्ग का आकस्मिक स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
पुलिस आयुक्त ने कांवड़ मार्ग पर तैनात पुलिसकर्मियों की स्थिति, यातायात संचालन, भीड़ नियंत्रण तथा श्रद्धालुओं की सुविधाओं की समीक्षा की। उन्होंने कांवड़ यात्रियों के विश्राम स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली और श्रद्धालुओं से संवाद कर उनकी कुशलक्षेम पूछी। पुलिस आयुक्त ने उन्हें हरसंभव सहयोग और सुरक्षित यात्रा का भरोसा दिलाया।
उन्होंने स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों से भी कांवड़ यात्रियों के प्रति सहयोग, सद्भाव और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। अधिकारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं की आस्था और सुविधा का विशेष ध्यान रखते हुए कांवड़ मार्ग पर यातायात सुचारु और आमजन का आवागमन निर्बाध रखा जाए।

पुलिस आयुक्त ने कांवड़ मार्ग पर यातायात एवं श्रद्धालुओं के आवागमन में बाधक अतिक्रमण, अवैध पार्किंग और अन्य अवरोधों को तत्काल हटाने के निर्देश दिए। अधिक भीड़ वाले स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, लगातार निगरानी और आकस्मिक परिस्थितियों से निपटने के लिए त्वरित प्रतिक्रिया व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।
उन्होंने सभी राजपत्रित अधिकारियों, थाना प्रभारियों और चौकी प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार पैदल गश्त करने तथा संवेदनशील स्थानों, प्रमुख बाजारों और कांवड़ मार्गों पर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।
कांवड़ यात्रा के मद्देनजर यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ शनिवार को सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। बिना नंबर प्लेट, गलत दिशा में चलने वाले वाहनों तथा बिना परमिट संचालित ऑटो-टोटो के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 44 वाहन सीज और 1,810 वाहनों का चालान किया गया। कार्रवाई के दौरान 35 लाख 69 हजार 500 रुपये सम्मन शुल्क वसूल किया गया।
पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट किया कि कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा और निर्बाध आवागमन सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था पर लगातार नजर रखते हुए पूरी मुस्तैदी से ड्यूटी करने के निर्देश दिए।










