Follow us on

Home » राज्य समाचार » उत्तर प्रदेश » वाराणसी » वाराणसी में 491 महिला आरक्षियों की पासिंग आउट परेड सम्पन्न, जनसेवा व कर्तव्यनिष्ठा की ली शपथ

वाराणसी में 491 महिला आरक्षियों की पासिंग आउट परेड सम्पन्न, जनसेवा व कर्तव्यनिष्ठा की ली शपथ

Share this post:

वाराणसी, 26 अप्रैल 2026। रिजर्व पुलिस लाइन, कमिश्नरेट वाराणसी में रविवार को उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती प्रक्रिया-2025 के अंतर्गत प्रशिक्षण प्राप्त कर रही 491 महिला प्रशिक्षु आरक्षियों की भव्य दीक्षांत (पासिंग आउट) परेड गरिमामय माहौल में सम्पन्न हुई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने परेड का निरीक्षण कर प्रशिक्षु आरक्षियों की सलामी ली।

करीब नौ माह के कठोर आंतरिक एवं बाह्य प्रशिक्षण के बाद सभी महिला आरक्षियां औपचारिक रूप से पुलिस विभाग में शामिल हो गईं और कानून-व्यवस्था, जनसुरक्षा व राष्ट्रसेवा के लिए तैयार हुईं। इस दौरान 18 टोलियों ने परेड कमांडर रेनू के नेतृत्व में अनुशासन, समन्वय, एकरूपता और शारीरिक दक्षता का प्रभावशाली प्रदर्शन करते हुए शानदार मार्च पास्ट किया, जिसने उपस्थित जनसमूह को प्रभावित किया।

परेड के उपरांत सभी प्रशिक्षु महिला आरक्षियों को कर्तव्यनिष्ठा, ईमानदारी, निष्पक्षता एवं जनसेवा के प्रति समर्पण की शपथ दिलाई गई। अपने संबोधन में पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने कहा कि पुलिस की वर्दी केवल रोजगार नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र के प्रति सेवा, उत्तरदायित्व और विश्वास का प्रतीक है। उन्होंने महिला आरक्षियों को संवेदनशीलता, अनुशासन और पूर्ण समर्पण के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने की प्रेरणा दी। साथ ही उन्होंने कहा कि पुलिस बल में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी से व्यवस्था और अधिक सशक्त व संवेदनशील बनेगी।

समारोह में बड़ी संख्या में उपस्थित परिजनों ने अपनी बेटियों को वर्दी में देखकर गर्व और भावुकता व्यक्त की। तालियों की गड़गड़ाहट के बीच प्रशिक्षुओं का उत्साहवर्धन किया गया।

इस अवसर पर प्रशिक्षण के दौरान उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिला आरक्षियों को सम्मानित भी किया गया। सर्वांग सर्वोत्तम का सम्मान रोशनी गुप्ता को मिला, जबकि परेड कमांडर में रेनू प्रथम, रोशनी गुप्ता द्वितीय और रोशनी देवी तृतीय रहीं। आंतरिक विषयों में रोशनी गुप्ता तथा बाह्य विषयों में रेनू ने सर्वोच्च स्थान प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त विभिन्न समूहों में भी कई प्रशिक्षु आरक्षियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सम्मान हासिल किया। यह दीक्षांत परेड महिला सशक्तिकरण, अनुशासित पुलिसिंग और सुरक्षित समाज निर्माण की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में उभरी है।

लेखक के बारे में

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

मौसम अपडेट

राशिफल

0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x