वाराणसी। अपराध एवं मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने की दिशा में कमिश्नरेट पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। एसटीएफ और थाना कैण्ट पुलिस की संयुक्त टीम ने रविवार तड़के कार्रवाई करते हुए 107.140 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन के निर्देशन और अपर पुलिस उपायुक्त के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। सहायक पुलिस आयुक्त कैण्ट के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने चेकिंग के दौरान थाना कैण्ट क्षेत्र स्थित इमलिया घाट फुलवरिया के पास अभियुक्त को धर दबोचा।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अजय गिरि (42 वर्ष) पुत्र मंगला गिरि निवासी मुस्तफाबाद, थाना हलधरपुर, जनपद मऊ के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से 107.140 किलो अवैध गांजा, एक चारपहिया वाहन तथा दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनका उपयोग तस्करी में किया जा रहा था।

इस मामले में थाना कैण्ट में मुकदमा संख्या 0206/2026 धारा 8/20/29/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया गया है और आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
इस सफल कार्रवाई में थाना कैण्ट के प्रभारी निरीक्षक शिवाकांत मिश्र, उपनिरीक्षक आशुतोष तिवारी सहित पुलिसकर्मियों के साथ एसटीएफ लखनऊ मुख्यालय की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अधिकारियों ने इसे मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि ऐसे अपराधों पर आगे भी सख्ती जारी रहेगी। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और मादक पदार्थ तस्करों के नेटवर्क पर करारा प्रहार माना जा रहा है।









