वाराणसी। समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय रोटी बैंक वाराणसी ने “रोटी से रोजगार” मुहिम के तहत एक सराहनीय एवं प्रेरणादायक पहल की। संस्था के संस्थापक स्वर्गीय किशोर कांत तिवारी की पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में चकिया (गौरी बबुरी) निवासी शत-प्रतिशत दिव्यांग सरोज वर्मा को जनरल स्टोर स्थापित कर स्वरोजगार से जोड़ा गया, जिससे उनके आत्मनिर्भर बनने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ा।
सरोज वर्मा पिछले 10 वर्षों से दिव्यांग हैं और परिवार में पत्नी व तीन बच्चों के भरण-पोषण की जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उनकी पत्नी सिलाई-कढ़ाई कर परिवार का सहयोग करती हैं। आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद सरोज वर्मा ने आत्मनिर्भर बनने की मजबूत इच्छाशक्ति दिखाई, जिसे संस्था ने सम्मान देते हुए उन्हें स्वरोजगार उपलब्ध कराया।
कार्यक्रम का आयोजन संस्था के प्रो. प्रदीप कुमार मिश्रा के नेतृत्व में सम्पन्न हुआ। इस अवसर पर अध्यक्ष रोशन कुमार पटेल, विनय शुक्ला, रजत श्रीवास्तव, दीपक सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। संस्था की इस पहल को क्षेत्र में व्यापक सराहना मिल रही है।










