वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की 135वीं जयंती के अवसर पर मंगलवार को भव्य एवं प्रेरणादायी कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। बरेका परिसर स्थित रंगशाला में आयोजित मुख्य समारोह में महाप्रबंधक श्री आशुतोष पंत मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन एवं बाबा साहेब के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। अपने संबोधन में महाप्रबंधक श्री पंत ने कहा कि डॉ. अंबेडकर केवल संविधान निर्माता ही नहीं, बल्कि सामाजिक न्याय, समानता और शिक्षा के सशक्त प्रवक्ता थे। उनका दिया संदेश “शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो” आज भी प्रासंगिक है।
प्रमुख मुख्य यांत्रिक इंजीनियर श्री विवेक शील एवं प्रमुख मुख्य कार्मिक अधिकारी श्री लाल जी चौधरी ने भी अपने विचार रखते हुए बाबा साहेब के संघर्षमय जीवन और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि उनके आदर्श हमें कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन और सामाजिक समरसता की दिशा में प्रेरित करते हैं।

समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित किया गया।
इससे पूर्व प्रातः 7 बजे रंगशाला से भव्य शोभायात्रा निकाली गई, जो बरेका इंटर कॉलेज चौराहे स्थित डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण के उपरांत विभिन्न मार्गों से होते हुए पुनः रंगशाला में संपन्न हुई। “जय भीम” और “बाबा साहेब अमर रहें” के नारों से पूरा परिसर गुंजायमान रहा।
कार्यक्रम में उप महाप्रबंधक श्री सागर, उप मुख्य कार्मिक अधिकारी श्री समीर पॉल, प्राचार्य श्री सोमपाल सिंह परवान, वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी श्री राज कुमार गुप्ता, जनसंपर्क अधिकारी श्री राजेश कुमार सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। साथ ही एससी-एसटी एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री संजय कुमार आनंद, कर्मचारी परिषद के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कर्मचारी और उनके परिजन भी शामिल हुए।
अंत में सभी उपस्थित जनों ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।










