वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ के ग्रामीण परिसर महाराजा डॉ. विभूति नारायण सिंह गंगापुर परिसर में वाणिज्य कला महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम वाणिज्य विभाग, सामाजिक विज्ञान संकाय एवं कला संकाय के विद्यार्थियों के संयुक्त प्रयास से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में काशी हिंदू विश्वविद्यालय के प्रबंध अध्ययन संस्थान के निदेशक प्रो. आशीष वाजपेई उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि प्रो. वाजपेई ने अपने उद्बोधन में कार्यक्रम की प्रस्तुति एवं प्रबंधन की सराहना करते हुए कहा कि इतना हरा-भरा एवं सुव्यवस्थित परिसर कम ही स्थानों पर देखने को मिलता है, और वे भविष्य में पुनः यहां आने की इच्छा रखते हैं।

अध्यक्षता कर रहे कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे मंच छात्रों में आत्मविश्वास का संचार करते हैं तथा उनके सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। परिसर प्रभारी मनीष सिंह ने अतिथियों का स्वागत किया।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से प्रो. पीताम्बर दास (डीन मेडिकल साइंस), डॉ. लक्ष्मी नारायण, डॉ. महेंद्र सोनकर, डॉ. मनोज सोनकर, डॉ. अविनाश सिंह, डॉ. आनन्द, डॉ. महेश, डॉ. शिवेश, डॉ. जोशी, डॉ. बेबी चौरसिया, डॉ. अनुपमा, डॉ. रीता, डॉ. अर्चना सहित अन्य शिक्षक एवं कर्मचारीगण उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की।









