वाराणसी। पुलिस कमिश्नरेट के तहत अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में थाना चेतगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। शादी का झांसा देकर पीड़िता के साथ शारीरिक संबंध बनाने और बाद में शादी से इंकार करने वाले आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त चेतगंज के नेतृत्व में प्रभारी निरीक्षक थाना चेतगंज की टीम ने मुखबिर की सूचना पर 18 मार्च 2026 को गंगा टाकीज के सामने मैदान स्थित देशी शराब ठेके के पास से अभियुक्त माध्यम यादव को गिरफ्तार किया। आरोपी को हिरासत में लेकर थाना चेतगंज लाया गया, जहां उसके खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता ने 17 मार्च 2026 को थाना चेतगंज में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि अभियुक्त ने शादी का झांसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए और बाद में शादी से इंकार कर दिया। इस संबंध में थाना चेतगंज में मुकदमा संख्या 60/2026 धारा 69 बीएनएस व 3(2)(v) एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।

गिरफ्तार अभियुक्त माध्यम यादव (23 वर्ष) निवासी जगतगंज, विवेकानंद नगर कॉलोनी, थाना चेतगंज का रहने वाला है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ पूर्व में भी मारपीट, धमकी समेत अन्य धाराओं में मामले दर्ज हैं।
गिरफ्तारी टीम में प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार शुक्ला, उपनिरीक्षक विकल शांडिल्य (चौकी प्रभारी लहुराबीर), हेड कांस्टेबल अखिलेश भारती एवं कांस्टेबल संजय प्रताप शामिल रहे।









