वाराणसी। शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में रसोई गैस की सुविधा को अधिक सुगम और सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से घरेलू पाइपलाइन गैस (पीएनजी) योजना को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। इस योजना के तहत अब लोगों को सिलेंडर के बजाय सीधे रसोई तक गैस की आपूर्ति पाइपलाइन के माध्यम से उपलब्ध कराई जाएगी। इसके लिए शहर और आसपास के क्षेत्रों में विशेष अभियान चलाकर गैस कनेक्शन दिए जा रहे हैं।
प्रदेश सरकार के स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल के निर्देश पर रविवार से नगर निगम के सभी आठ जोनल कार्यालयों में विशेष कैम्प लगाए गए हैं। इन कैम्पों में नागरिकों को घरेलू पाइपलाइन गैस कनेक्शन के लिए आवेदन करने तथा आवश्यक औपचारिकताएं तुरंत पूरी करने की सुविधा दी जा रही है।
अभियान के पहले दिन रविवार को मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने नदेसर स्थित नगर निगम के जोनल कार्यालय में आयोजित विशेष कैम्प का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों से प्रगति की जानकारी ली और निर्देश दिया कि लोगों को जल्द से जल्द गैस कनेक्शन उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा है कि शहर के प्रत्येक घर तक सुरक्षित और सस्ती गैस सुविधा पहुंचे, इसलिए इस कार्य को युद्धस्तर पर पूरा किया जाए।

परियोजना के अंतर्गत गैस आपूर्ति के लिए लगभग 102 किलोमीटर लंबी स्टील की हाई प्रेशर पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है, जो मुख्य गैस वितरण प्रणाली का आधार बनेगी। इसके अलावा घरों तक गैस पहुंचाने के लिए शहर और आसपास के क्षेत्रों में करीब 1450 किलोमीटर प्लास्टिक की लो प्रेशर पाइपलाइन भी बिछाई जा चुकी है।
मंत्री रविन्द्र जायसवाल ने बताया कि इन विशेष कैम्पों में लोगों को पाइपलाइन गैस कनेक्शन के लिए आवेदन करने के साथ-साथ योजना की पूरी जानकारी भी दी जा रही है। अधिकारियों द्वारा नागरिकों को आवेदन प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेज और कनेक्शन मिलने की पूरी प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया जा रहा है, जिससे लोगों में योजना को लेकर उत्साह देखा जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान मंत्री ने कैम्प में आए नागरिकों से बातचीत भी की और उन्हें अधिक से अधिक संख्या में योजना का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि आवेदन प्राप्त होने के एक सप्ताह के भीतर घरों की रसोई तक गैस कनेक्शन उपलब्ध करा दिया जाए।
गेल के अधिकारियों ने बताया कि कनेक्शन या गैस आपूर्ति से संबंधित किसी भी समस्या के लिए हेल्पलाइन नंबर 7268071339 और 9454535384 पर शिकायत दर्ज कराई जा सकती है।









