वाराणसी, 13 मार्च। थाना फूलपुर पुलिस ने ऑपरेशन चक्रव्यूह अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए डरा-धमकाकर दुष्कर्म करने, जेवरात व रुपये छीनने तथा जान से मारने की धमकी देने वाले वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार शुक्रवार को क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्ति व वाहन चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर रामपुर हाईवे बाईपास के पास से थाना फूलपुर में दर्ज मुकदमा संख्या 0077/2026 से संबंधित वांछित अभियुक्त मंजीत यादव उर्फ रामू यादव पुत्र स्वर्गीय मदनलाल, निवासी ग्राम कठिरांव, थाना फूलपुर, उम्र लगभग 24 वर्ष को गिरफ्तार किया गया।
बताया गया कि पीड़िता ने 11 मार्च को थाना फूलपुर में लिखित तहरीर देकर आरोप लगाया था कि अभियुक्त ने किसी तरह उसका मोबाइल नंबर प्राप्त कर उससे संपर्क स्थापित किया। इसके बाद आरोपी ने उसके आपत्तिजनक फोटो और वीडियो दिखाकर उन्हें इंटरनेट पर वायरल करने की धमकी दी। इसी डर का फायदा उठाकर आरोपी ने पीड़िता के साथ जबरन कई बार शारीरिक संबंध बनाए।

आरोप है कि आरोपी ने फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देकर समय-समय पर पीड़िता से जेवरात व रुपये भी ले लिए। साथ ही गाली-गलौज करते हुए पीड़िता के पति और बच्चे को जान से मारने की धमकी भी दी।
तहरीर के आधार पर थाना फूलपुर में धारा 64(1), 352, 351(3) व 308(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।









