वाराणसी, 13 मार्च। थाना सारनाथ पुलिस ने शादी का झांसा देकर युवती के साथ दुष्कर्म करने और मारपीट व धमकी देने के मामले में वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को सारनाथ रेलवे स्टेशन के पास से पकड़ा।
पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर वांछित व फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन के निर्देशन तथा सहायक पुलिस आयुक्त सारनाथ के नेतृत्व में थाना सारनाथ पुलिस टीम ने “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के अंतर्गत कार्रवाई की। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने मु0अ0सं0 0127/2026 से संबंधित वांछित अभियुक्त प्रशान्त कुमार (26) पुत्र रामसागर, निवासी जाल्हुर थाना चौबेपुर को गुरुवार रात करीब 9:40 बजे सारनाथ रेलवे स्टेशन के पास से गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार पीड़िता ने आरोप लगाया था कि प्रशान्त कुमार ने शादी का झांसा देकर उसके साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रहते हुए शारीरिक संबंध बनाए और उसे गर्भवती कर दिया। बाद में उसने कहीं और शादी तय कर ली। विरोध करने पर आरोपी ने पीड़िता के साथ गाली-गलौज, मारपीट की तथा अपने दोस्त से जान से मरवाने की धमकी दी।

पीड़िता की तहरीर पर थाना सारनाथ में बीएनएस की धारा 69, 115(2), 352 और 351(3) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक अनिल कुमार द्वारा की जा रही है। पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष पंकज कुमार त्रिपाठी, उपनिरीक्षक अनिल कुमार, हेड कांस्टेबल लल्लन यादव और कांस्टेबल मुन्ना यादव शामिल रहे।









