वाराणसी। एयरपोर्ट परिसर में यात्रियों को घेरकर जबरन सवारी के लिए दबाव बनाने और अभद्र व्यवहार करने वाले टैक्सी व ऑटो चालकों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस उपायुक्त गोमती जोन के निर्देश पर थाना फूलपुर पुलिस ने मंगलवार को सघन चेकिंग अभियान चलाते हुए तीन चालकों को गिरफ्तार किया, जबकि 40 चार पहिया वाहनों का चालान किया गया और एक वाहन को सीज कर दिया गया।
पुलिस के अनुसार एयरपोर्ट पर आने वाले यात्रियों से लगातार ऐसी शिकायतें मिल रही थीं कि कुछ टैक्सी और ऑटो चालक उन्हें घेरकर जबरन सवारी के लिए दबाव बनाते हैं तथा मना करने पर अभद्र व्यवहार करते हैं। शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस उपायुक्त गोमती जोन आकाश पटेल के निर्देशन में थाना फूलपुर पुलिस को सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
इसी क्रम में सोमवार 9 मार्च को भी पुलिस ने अभियान चलाकर नियमों का उल्लंघन करने वाले चार चालकों को गिरफ्तार किया था तथा दो वाहनों को जब्त किया गया था। इसके बावजूद कुछ चालक अपनी हरकतों से बाज नहीं आए, जिसके बाद पुलिस ने एयरपोर्ट परिसर में चार पुलिसकर्मियों की स्थायी ड्यूटी लगा दी है, ताकि ऐसे चालकों की पहचान कर उनके खिलाफ तत्काल वैधानिक कार्रवाई की जा सके।

मंगलवार 10 मार्च को थाना फूलपुर पुलिस की टीम ने एयरपोर्ट परिसर में दोबारा चेकिंग और निगरानी अभियान चलाया। इस दौरान यात्रियों को घेरकर सवारी के लिए दबाव बनाने वाले तीन चालकों को गिरफ्तार कर लिया गया। साथ ही नियमों का उल्लंघन करने वाले 40 चार पहिया वाहनों का चालान किया गया और एक वाहन को सीज कर दिया गया।
पुलिस ने सभी टैक्सी और ऑटो चालकों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा है कि वे अपने वाहन केवल निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़े करें और किसी भी यात्री को घेरकर सवारी के लिए दबाव न बनाएं। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी कठोर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि एयरपोर्ट परिसर में यात्रियों की सुविधा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।









