वाराणसी, 9 मार्च। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) के केंद्रीय चिकित्सालय में महिला कर्मियों और आश्रित महिलाओं के लिए विशेष स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम बरेका के महाप्रबंधक श्री आशुतोष पंत के निर्देशन एवं प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश कुमार के नेतृत्व में संपन्न हुआ।
स्वास्थ्य शिविर में बरेका की कर्मशालाओं, विद्यालयों तथा चिकित्सालय में कार्यरत महिला कर्मियों के साथ-साथ अन्य आश्रित महिलाओं का विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा समय पर जांच और उपचार के माध्यम से गंभीर बीमारियों की रोकथाम सुनिश्चित करना था।
कार्यक्रम का शुभारंभ करते हुए प्रमुख मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. देवेश कुमार ने कहा कि महिला सशक्तिकरण के लिए सामूहिक प्रयास अत्यंत आवश्यक हैं। उन्होंने बताया कि महिलाओं के शरीर की विशिष्ट जैविक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए नियमित स्वास्थ्य जांच बेहद जरूरी है। उन्होंने अनियमित मासिक धर्म, स्तन एवं गर्भाशय कैंसर, ऑस्टियोपोरोसिस जैसी समस्याओं के प्रति सतर्क रहने की सलाह दी। इसके साथ ही उन्होंने संतुलित और स्वास्थ्यवर्धक भोजन, समय-समय पर टीकाकरण तथा आधुनिक जीवनशैली से जुड़ी बीमारियों जैसे उच्च रक्तचाप, मधुमेह, मोटापा, हृदय रोग और अस्थि रोगों की रोकथाम पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता पर जोर दिया।

इस स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधिकारी एवं महिला एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. मधुलिका सिंह तथा डॉ. प्रेक्षा पाण्डेय ने महिलाओं की विस्तृत चिकित्सीय जांच की। शिविर में विशेष स्क्रीनिंग जांच के तहत बीएमडी (बोन मिनरल डेंसिटी) और पैप स्मियर टेस्ट भी किए गए, जिससे महिलाओं में हड्डियों की कमजोरी और गर्भाशय ग्रीवा से जुड़ी बीमारियों की समय रहते पहचान हो सके।
इस अवसर पर बरेका महिला कल्याण संगठन की प्रतिनिधि डॉ. पूनम सिंह ने महिलाओं को मानसिक तनाव से बचाव और संतुलित आहार अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवनशैली अपनाकर महिलाएं न केवल स्वयं को स्वस्थ रख सकती हैं, बल्कि परिवार और समाज को भी सशक्त बना सकती हैं।
स्वास्थ्य परीक्षण कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला कर्मियों एवं आश्रित महिलाओं ने भाग लिया और विशेषज्ञ चिकित्सकों से स्वास्थ्य संबंधी परामर्श प्राप्त किया।









