वाराणसी। पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत थाना सारनाथ पुलिस ने तत्परता और तकनीकी निगरानी के सहारे एक व्यक्ति का खोया हुआ बैग सकुशल बरामद कर उसे उसके स्वामी को सुपुर्द कर दिया। इस त्वरित कार्रवाई से आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार 27 फरवरी 2026 को डॉ. राजेश कुमार यादव पुत्र श्री रामदवर यादव, निवासी अनुपम नगर कॉलोनी (लक्ष्मी माता मंदिर के निकट), थाना सारनाथ, बाइक से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान उनका आर्मी कलर का बैग रास्ते में कहीं गिर गया। बैग में दो मोबाइल फोन, एक कुकर, इंडक्शन मशीन सहित अन्य आवश्यक सामान रखा हुआ था।
बैग गुम होने की जानकारी मिलते ही उन्होंने तत्काल डायल 112 पर सूचना दी। सूचना प्राप्त होते ही थाना सारनाथ पुलिस ने सक्रियता दिखाते हुए क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस टीम ने खोजबीन कर गुम हुआ बैग समस्त सामान सहित सुरक्षित रूप से बरामद कर लिया।

इसके बाद बैग को उसके स्वामी डॉ. राजेश कुमार यादव को सकुशल सुपुर्द कर दिया गया। अपना सामान सुरक्षित वापस मिलने पर उन्होंने पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी की त्वरित और प्रभावी कार्यवाही की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस सराहनीय कार्य में थाना सारनाथ के थानाध्यक्ष पंकज कुमार त्रिपाठी एवं उपनिरीक्षक अनिल कुमार की विशेष भूमिका रही। पुलिस की इस संवेदनशील और जवाबदेह कार्यप्रणाली से नागरिकों में सुरक्षा का भरोसा और सुदृढ़ हुआ है।









