वाराणसी। इंडिया गठबंधन के प्रतिनिधिमंडल ने ज्योतिर्मठ के स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती से भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस दौरान कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के नेताओं ने संत समाज, सनातन धर्म और भारतीय संस्कृति के सम्मान की रक्षा के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। प्रतिनिधिमंडल में शामिल युवा कांग्रेस के महानगर अध्यक्ष चंचल शर्मा ने कहा कि पूरा कांग्रेस परिवार शंकराचार्य के साथ मजबूती से खड़ा है। उन्होंने आरोप लगाया कि नरेंद्र मोदी और योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार दुर्भावना और द्वेष की भावना से शंकराचार्य को फंसाने का प्रयास कर रही है, जो पूरी तरह अलोकतांत्रिक और असंवैधानिक है। उन्होंने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष अजय राय के निर्देशानुसार कांग्रेसजन शंकराचार्य से आशीर्वाद लेने पहुंचे। हाल ही में महाकुंभ मेले के दौरान भी अजय राय ने शंकराचार्य से भेंट कर समर्थन व्यक्त किया था और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया था। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह पहला अवसर नहीं है जब पार्टी ने शंकराचार्य के समर्थन में अपनी आवाज बुलंद की हो। पूर्व में भी जब-जब उनके साथ कोई विवाद या प्रतिकूल स्थिति बनी, कांग्रेस पार्टी उनके साथ डटकर खड़ी रही है। काशी के कांग्रेस कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने संत समाज के सम्मान के प्रश्न पर एकजुटता व्यक्त की। युवा कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि शासन-प्रशासन द्वारा शंकराचार्य के साथ किसी प्रकार का अमानवीय या अन्यायपूर्ण व्यवहार किया गया, तो लोकतांत्रिक तरीके से उसका पुरजोर विरोध किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी संत, सनातन और भारतीय संस्कृति की मर्यादा की रक्षा के लिए आगे भी पूरी निष्ठा और मजबूती के साथ संघर्ष करती रहेगी। प्रतिनिधिमंडल में महानगर अध्यक्ष युवा कांग्रेस चंचल शर्मा के साथ ओम शुक्ला, धीरज सोनकर, विनीत चौबे, अभिषेक चौरसिया, अजीत विश्वकर्मा सहित अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे।









