Follow us on

Home » संपूर्णानंद संस्कृत विश्वविद्यालय » सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय में युवा शक्ति का उत्सव: खेल विजेताओं को पदक व शील्ड से सम्मानित

सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय में युवा शक्ति का उत्सव: खेल विजेताओं को पदक व शील्ड से सम्मानित

Share this post:

 

वाराणसी, 23 फरवरी 2026। अन्तःसंकाय वार्षिक खेलकूद युवा महोत्सव–2026 के अंतर्गत 11 से 14 फरवरी तक आयोजित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के विजेता एवं उपविजेता खिलाड़ियों को सोमवार को विश्वविद्यालय के योगसाधना केन्द्र में आयोजित गरिमामय समारोह में प्रमाण-पत्र, पदक एवं शील्ड प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि वाराणसी के महापौर अशोक तिवारी, कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा तथा कुलसचिव राकेश कुमार ने संयुक्त रूप से खिलाड़ियों को सम्मानित किया।

समारोह का शुभारम्भ दीप प्रज्वलन, मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं वैदिक मंगलाचरण से हुआ। अपने उद्बोधन में महापौर अशोक तिवारी ने कहा कि वर्ष 2047 तक विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में युवा शक्ति की निर्णायक भूमिका होगी। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में खेल महत्वपूर्ण आधार है और केंद्र सरकार की योजना खेलो इंडिया ने देश की प्रतिभाओं को सशक्त मंच प्रदान किया है। आज भारतीय खिलाड़ी ओलम्पिक एवं एशियाई खेलों में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर राष्ट्र का गौरव बढ़ा रहे हैं। काशी की ज्ञान-परंपरा और खेल-संस्कृति का समन्वय राष्ट्र निर्माण की नई दिशा तय कर रहा है।

अध्यक्षीय उद्बोधन में कुलपति प्रो. बिहारी लाल शर्मा ने कहा कि खेलकूद से अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और टीम-भावना का विकास होता है। विश्वविद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है, जहां बौद्धिक उत्कृष्टता के साथ शारीरिक एवं नैतिक सुदृढ़ता को भी समान महत्व दिया जाता है। उन्होंने विद्यार्थियों से खेल को जीवन का अभिन्न अंग बनाने का आह्वान किया।

महोत्सव के अंतर्गत गोला फेंक, चक्का फेंक, योगासन, शतरंज एवं बैडमिंटन सहित अनेक व्यक्तिगत स्पर्धाओं में प्रतिभागियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। गोला फेंक और चक्का फेंक में अर्चना मौर्य तथा रीना कुमारी ने महिला वर्ग में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की, जबकि पुरुष वर्ग में रवि दीक्षित, बृजेश कुमार तिवारी और अन्य खिलाड़ियों ने पदक अर्जित किए। योगासन में राज सिंह और अर्चना मौर्य, शतरंज में सनत कुमार एवं निधि गुप्ता, तथा बैडमिंटन में रोहित कुमार मिश्रा एवं किरण यादव ने स्वर्ण पदक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया।

टीम प्रतियोगिताओं में कबड्डी और वॉलीबॉल मुकाबले विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। कबड्डी में रोहित कुमार मिश्रा के नेतृत्व में टीम विजेता रही, जबकि योगेश पांडे की टीम उपविजेता घोषित हुई। वॉलीबॉल में आदर्श पांडे की टीम ने खिताब अपने नाम किया तथा रोहित कुमार मिश्रा के नेतृत्व वाली टीम उपविजेता रही। विजेता एवं उपविजेता टीमों को शील्ड प्रदान कर सभी खिलाड़ियों को पदक एवं प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।

प्रभारी छात्रकल्याण एवं संकायाध्यक्ष डॉ. रविशंकर पांडेय ने स्वागत भाषण में कहा कि यह महोत्सव विश्वविद्यालय की खेल-संस्कृति और छात्र-ऊर्जा का जीवंत उदाहरण है। संचालन डॉ. सत्येन्द्र कुमार यादव ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ. राजकुमार मिश्र ने किया।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के अनेक प्राध्यापक, अधिकारी एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।

लेखक के बारे में

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

मौसम अपडेट

राशिफल

0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x