वाराणसी। थाना आदमपुर क्षेत्र में हुए अपहरण के बाद हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। फरार चल रहे 25-25 हजार रुपये के दो इनामी अभियुक्तों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी द्वारा अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई।
पुलिस के अनुसार, दोनों अभियुक्तों को 17 फरवरी 2026 को बसंता कॉलेज स्थित यूनियन बैंक से लगभग 50 मीटर आगे से गिरफ्तार किया गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान रवि कुमार गुप्ता (32 वर्ष), निवासी तेलियाना जलालीपुरा, थाना आदमपुर तथा राहुल विश्वकर्मा (26 वर्ष), निवासी तेलियाना जलालीपुरा, स्थायी पता डोमरी पड़ाव, थाना रामनगर के रूप में हुई है। दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 29 जनवरी 2026 को वे अपने साथियों के साथ जलालीपुरा में पनारू पान वाले की दुकान के सामने ऑटो में बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान साड़ी की कमीशन को लेकर सनी सोनकर से विवाद हो गया। गाली-गलौज और मारपीट के दौरान सनी के सिर पर ईंट लग गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

हत्या के बाद आरोपियों ने शव को ऑटो में लादकर रामनगर टेंगरा मोड़ होते हुए पुल के बीच से गंगा नदी में फेंक दिया। बाद में अपहरण का नाटक रचकर मामले को दबाने की कोशिश की गई।
गौरतलब है कि इस मामले में 10 फरवरी 2026 को तीन अन्य अभियुक्त पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं। अब इन दोनों इनामी बदमाशों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस को पूरी साजिश की कड़ी मिलने की उम्मीद है। पुलिस दोनों से गहन पूछताछ कर आगे की विधिक कार्रवाई में जुटी है। शहर में अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई को पुलिस की बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।









