वाराणसी। मेरा युवा भारत, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार एवं गृह मंत्रालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय जनजातीय युवा आदान-प्रदान कार्यक्रम का पांचवां दिन उत्साह, ऊर्जा और ज्ञानवर्धक गतिविधियों के साथ संपन्न हुआ। दिनभर चले विविध आयोजनों में युवाओं ने लोकतांत्रिक मूल्यों, राष्ट्रनिर्माण की भावना और सांस्कृतिक समृद्धि का सशक्त प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम के प्रथम सत्र में युवा संसद का आयोजन आकर्षण का केंद्र रहा। प्रतिभागियों ने लोकसभा अध्यक्ष, प्रधानमंत्री, गृह मंत्री, शिक्षा मंत्री, स्वास्थ्य मंत्री तथा खेलकूद मंत्री सहित विभिन्न मंत्रियों की भूमिका निभाते हुए अपने-अपने विभागों की उपलब्धियों और विकास योजनाओं को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। वहीं नेता प्रतिपक्ष और विपक्ष की भूमिका निभा रहे युवाओं ने भ्रष्टाचार, शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य समसामयिक मुद्दों पर तीखे प्रश्न उठाकर सत्र को जीवंत बना दिया। पूरे आयोजन में संसदीय परंपराओं, तर्कशक्ति और लोकतांत्रिक संवाद की उत्कृष्ट झलक देखने को मिली।
द्वितीय सत्र प्रेरक व्याख्यान पर केंद्रित रहा। उदय प्रताप कॉलेज की प्रोफेसर रंजना श्रीवास्तव ने स्वतंत्रता संग्राम में युवाओं की भूमिका पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि देश की आजादी युवाओं के त्याग, बलिदान और अदम्य साहस का परिणाम है। वर्तमान पीढ़ी को भी राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए। उनके ओजस्वी वक्तव्य ने प्रतिभागियों में नई ऊर्जा और जागरूकता का संचार किया।

तृतीय सत्र में आयोजित सांस्कृतिक प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने गीत, नृत्य और पारंपरिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। निर्णायक मंडल में मदन मोहन देव, बालमुकुन्द त्रिपाठी और कुसुम मिश्रा ने प्रस्तुतियों का मूल्यांकन किया।
कार्यक्रम में सेवापुरी विधायक की प्रतिनिधि अदिति पटेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। इस अवसर पर कपिल देव राम, जिला युवा अधिकारी वाराणसी यतेन्द्र सिंह, जिला युवा अधिकारी भदोही रामगोपाल चौहान, लेखा एवं कार्यक्रम सहायक विकास चौरसिया, भूतपूर्व स्वयंसेवक नन्दकिशोर, पूर्व स्वयंसेवक राकेश यादव, प्रदीप, नवनीत तथा गुरु सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
समापन अवसर पर आयोजकों ने बताया कि इस प्रकार के कार्यक्रम युवाओं में नेतृत्व क्षमता, संवैधानिक समझ और सांस्कृतिक आत्मविश्वास विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पूरे आयोजन का संचालन सुव्यवस्थित एवं प्रेरणादायक वातावरण में संपन्न हुआ।









