वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट द्वारा अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना चितईपुर पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता मिली है। नाबालिग बालिका से दुष्कर्म के मामले में वांछित अभियुक्त को घटना दर्ज होने के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस आयुक्त के निर्देश पर जोन काशी के पुलिस उपायुक्त एवं अपर पुलिस उपायुक्त के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त भेलूपुर के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक चितईपुर के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दिनांक 15 फरवरी 2026 को एक महिला द्वारा थाना चितईपुर में अपनी नाबालिग पुत्री के साथ दुष्कर्म किए जाने संबंधी प्रार्थना पत्र दिया गया था। शिकायत के आधार पर मु0अ0सं0 0035/2026 के अंतर्गत धारा 65(2), 351(3) बीएनएस व 5एम/6 पॉक्सो एक्ट के तहत अभियोग पंजीकृत किया गया। मामला दर्ज होते ही पुलिस ने साक्ष्य संकलन एवं अभियुक्त की तलाश शुरू कर दी।

इसी क्रम में दिनांक 16 फरवरी 2026 को मुखबिर की सटीक सूचना पर पुलिस टीम ने निषाद चौक तिराहा, थाना चितईपुर क्षेत्र से आरोपी विकास साहनी उर्फ छेदी उर्फ छेदन (उम्र लगभग 19 वर्ष), पुत्र अंगद साहनी, निवासी नई बस्ती टिकरी, थाना चितईपुर, वाराणसी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी नियमानुसार की गई तथा अभियुक्त को पुलिस हिरासत में लेकर अग्रिम विधिक कार्यवाही प्रारंभ कर दी गई है।
गिरफ्तारी में थाना चितईपुर के प्रभारी निरीक्षक श्री राकेश कुमार गौतम के साथ उपनिरीक्षक राकेश कुमार सिंह, हेड कांस्टेबल कमलेश सिंह, कांस्टेबल कमल किशोर, हेड कांस्टेबल राजय भारतीय एवं कांस्टेबल शेष नारायण की सक्रिय भूमिका रही।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिला एवं बाल अपराधों के प्रति कमिश्नरेट पुलिस पूरी तरह संवेदनशील है तथा ऐसे मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। अभियुक्त के विरुद्ध विधिक प्रक्रिया प्रचलित है और प्रकरण की विवेचना जारी है।









