वाराणसी। बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में खेल भावना और प्रतिस्पर्धा के उत्साह के बीच अंतरविभागीय बास्केटबॉल प्रतियोगिता (2025-26) का भव्य शुभारंभ मंगलवार को हुआ। बरेका खेल संघ के तत्वावधान में आयोजित इस प्रतियोगिता का उद्घाटन जोशीले माहौल और खिलाड़ियों के उत्साह के साथ संपन्न हुआ।
उद्घाटन अवसर पर सहायक सामग्री प्रबंधक (डिपो) श्री हरीश सिंह कुरियाल ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खेलों को कार्यस्थल पर ऊर्जा, अनुशासन और टीम भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए सभी प्रतिभागियों को श्रेष्ठ प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।
प्रतियोगिता का पहला मुकाबला लोको डिवीजन-1 और इंजन डिवीजन के बीच खेला गया। दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला, लेकिन लोको डिवीजन-1 की टीम ने सधी हुई रणनीति और बेहतरीन तालमेल का प्रदर्शन करते हुए इंजन डिवीजन को 24-18 अंकों से पराजित कर जीत अपने नाम की। मैच के दौरान दर्शकों की तालियों और उत्साहवर्धन ने खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाए रखा।

दिन का दूसरा मैच सिविल एवं भंडार-डिपो तथा लोको डिवीजन-2 के बीच खेला गया। इस मुकाबले में लोको डिवीजन-2 की टीम ने प्रभावशाली खेल का प्रदर्शन करते हुए सिविल एवं भंडार-डिपो को 14-08 से हराकर शानदार विजय हासिल की। दोनों टीमों के खिलाड़ियों ने खेल भावना और अनुशासन का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया।
प्रतियोगिता के दौरान दर्शकों की बड़ी संख्या मैदान में मौजूद रही। कर्मचारियों और खेल प्रेमियों ने पूरे जोश के साथ खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया, जिससे वातावरण खेलमय और रोमांचकारी बना रहा।
मैचों का संचालन श्री अभय सिंह, श्री अमन, श्री अक्षय राठी तथा श्री एल. के. बिस्वाल ने निर्णायक की भूमिका में निष्पक्षता और कुशलता के साथ किया।
इस अवसर पर बरेका बास्केटबॉल टीम के मुख्य प्रशिक्षक श्री संदीप यादव, टीम मैनेजर श्री रतेंद्र सिंह, कर्मचारी परिषद के संयुक्त सचिव श्री प्रदीप कुमार यादव सहित श्री मनीष कुमार सिंह, श्री श्रीकांत यादव, श्री सुशील कुमार सिंह और श्री नवीन कुमार सिन्हा समेत बड़ी संख्या में बरेकाकर्मी एवं खेल प्रेमी उपस्थित रहे।
प्रतियोगिता के आगामी मैचों को लेकर खिलाड़ियों और दर्शकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है। खेल संघ की ओर से यह प्रतियोगिता कर्मचारियों में स्वस्थ प्रतिस्पर्धा, टीम भावना और शारीरिक फिटनेस को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल मानी जा रही है।








