वाराणसी। शहर में यातायात अनुशासन और सार्वजनिक सुरक्षा को और मजबूत करने के उद्देश्य से पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी श्री मोहित अग्रवाल ने शुक्रवार को व्यापक भ्रमण एवं पैदल गश्त कर व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान गलत दिशा में वाहन चलाने वालों, बिना नम्बर प्लेट वाहनों तथा नियमविरुद्ध संचालित ई-रिक्शा/ऑटो के विरुद्ध विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की गई।
पुलिस आयुक्त ने अंध्रापुल से मरी माई तिराहा, सिगरा चौराहा, रथयात्रा, गुरुबाग होते हुए लंका तक तथा रविदास गेट से मालवीय चौराहा व ट्रॉमा सेंटर तिराहा तक पैदल गश्त कर यातायात, सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान सड़क, चौराहों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में यातायात की स्थिति, पार्किंग व्यवस्था और अतिक्रमण की स्थिति का अवलोकन किया गया।
पुलिस आयुक्त कार्यालय के अनुसार, दिनांक 01 जनवरी 2026 से अब तक 30 गुमशुदा व्यक्तियों की बरामदगी सुनिश्चित की गई है। वहीं, गलत दिशा में चलने वाले वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए 974 वाहनों का चालान किया गया और 15 वाहन सीज किए गए। बिना नम्बर प्लेट वाले 58 वाहनों पर कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त, गलत बारकोड/रूट पर चल रहे 45 ई-रिक्शा/ऑटो सीज किए गए तथा 404 के विरुद्ध चालान की कार्रवाई की गई। अतिक्रमण के विरुद्ध 19 अभियोग पंजीकृत कर कुल 209 स्थानों से अतिक्रमण हटाया गया।

निरीक्षण के उपरांत पुलिस आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को सुगम एवं सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने, सड़क व फुटपाथों से अतिक्रमण हटाने हेतु सघन अभियान चलाने और नियमित मॉनिटरिंग के निर्देश दिए। कलर्ड पार्किंग व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू कराने, बिना नम्बर प्लेट व गलत दिशा में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध विशेष चेकिंग अभियान चलाने तथा भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में नियमित पैदल गश्त बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही, संदिग्ध गतिविधियों पर सतर्क निगरानी रखने पर विशेष जोर दिया गया।









