वाराणसी। वाराणसी पुलिस आयुक्त कार्यालय द्वारा संचालित सीपी संवाद हेल्पलाइन नंबर 9670705555 ने शहर में अपराध नियंत्रण की दिशा में अहम भूमिका निभाई है। पुलिस आयुक्त कार्यालय द्वारा जारी ताज़ा आँकड़ों के अनुसार हेल्पलाइन के प्रभावी क्रियान्वयन के चलते जनवरी माह में शिकायतों की संख्या में 25 प्रतिशत की उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। दिसंबर माह में जहाँ 2150 शिकायतें प्राप्त हुई थीं, वहीं जनवरी में यह संख्या घटकर 1612 रह गई। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस हेल्पलाइन के माध्यम से नागरिक घर बैठे अपनी शिकायत दर्ज करा रहे हैं और उनका समयबद्ध व पारदर्शी निस्तारण किया जा रहा है, जिससे पुलिस के प्रति जनविश्वास लगातार मज़बूत हुआ है।
आँकड़ों के अनुसार प्राप्त शिकायतों में से लगभग 65 प्रतिशत यानी 300 शिकायतों का निस्तारण 24 घंटे के भीतर कर दिया गया। शिकायत निस्तारण के बाद आवेदकों से लिए गए फीडबैक में 460 में से 368 शिकायतकर्ता (लगभग 80 प्रतिशत) पुलिस की कार्यवाही से संतुष्ट पाए गए। सभी शिकायतों को शत-प्रतिशत कम्प्यूटरीकृत प्रणाली के माध्यम से दर्ज किया जा रहा है, जिससे अधिक शिकायत वाले थानों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है। थाना स्तर पर लंबित मामलों की समीक्षा उच्चाधिकारियों द्वारा की जा रही है।
सीपी संवाद हेल्पलाइन पर प्राप्त सूचनाओं के आधार पर वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट ने विभिन्न अवैध गतिविधियों के विरुद्ध सघन अभियान चलाते हुए प्रभावी कार्रवाई की है। इस दौरान जुआ के 40 मामलों में 202 आरोपियों को गिरफ़्तार कर ₹2,67,126 नकद ज़ब्त की गई। अवैध शराब के 46 मामलों में 56 आरोपी गिरफ़्तार कर 618 लीटर शराब ज़ब्त की गई। अवैध शस्त्र के 6 मामलों में 6 आरोपी गिरफ़्तार कर शस्त्र व कारतूस बरामद किए गए। नशीले पदार्थों के 8 मामलों में 9 आरोपी गिरफ़्तार कर 44.5 ग्राम हेरोइन, 132 एम्पुल प्रतिबंधित दवाएँ और 6.148 किलोग्राम गांजा ज़ब्त किया गया।

इसी क्रम में चाइनीज मांझा के 15 मामलों में 17 आरोपी गिरफ़्तार कर 335 किलोग्राम मांझा, गोवध के 5 मामलों में 10 आरोपी गिरफ़्तार कर 53 गोवंश मुक्त, तथा देह व्यापार के 2 मामलों में 4 आरोपियों की गिरफ़्तारी की गई। खोया-पाया के अंतर्गत ऑटो में भूले एक लैपटॉप और एक छात्रा का OPPO 5G मोबाइल बरामद कर उनके स्वामियों को सौंपा गया।
यातायात और अतिक्रमण के विरुद्ध भी सख़्त अभियान चलाया गया, जिसमें 4 अवैध स्टैंड हटाए गए और 44 वाहन सीज़ किए गए। बिना या गलत नंबर प्लेट पर 19 वाहन सीज़ कर 386 चालान, गलत दिशा में वाहन चलाने पर 45 वाहन सीज़ कर 527 चालान, अन्य यातायात नियम उल्लंघन पर 8 वाहन सीज़ कर 721 चालान, जबकि अतिक्रमण के 92 चालान और 1 मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस आयुक्त वाराणसी ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार के भ्रष्टाचार, अपराध या अवैध गतिविधि की सूचना निर्भीक होकर सीपी संवाद हेल्पलाइन 9670705555 पर दें। उन्होंने आश्वस्त किया कि शिकायतकर्ता की पहचान पूर्णतः गोपनीय रखी जाती है। पुलिस आयुक्त ने कहा कि जनसहयोग से ही अपराधमुक्त, सुरक्षित और सुव्यवस्थित वाराणसी का निर्माण संभव है।









