Follow us on

Home » प्रशासनिक » वरिष्ठ नागरिक पेंशनर्स सेवा संस्थान की मासिक बैठक में कोषागार निदेशक के पत्र व पेंशन भुगतान में देरी पर जताया गया कड़ा आक्रोश

वरिष्ठ नागरिक पेंशनर्स सेवा संस्थान की मासिक बैठक में कोषागार निदेशक के पत्र व पेंशन भुगतान में देरी पर जताया गया कड़ा आक्रोश

Share this post:

 

वाराणसी, 1 फरवरी 2026। वरिष्ठ नागरिक पेंशनर्स सेवा संस्थान, उत्तर प्रदेश शाखा वाराणसी की मासिक बैठक डिप्लोमा इंजीनियर संघ भवन, लोक निर्माण विभाग, वरुणा पुल, नदेसर, वाराणसी में जिला अध्यक्ष राजेश्वर पांडे की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई। बैठक का संचालन जिला मंत्री जयराज बहादुर सिंह ने किया।

बैठक में पेंशनर्स दिवस 17 दिसंबर 2025 को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से उत्तर प्रदेश सरकार के माननीय वित्त मंत्री के साथ हुई बैठक में दिए गए निर्देशों एवं पेंशनर्स की अपेक्षाओं के विपरीत निदेशक, कोषागार उत्तर प्रदेश द्वारा जारी पत्र दिनांक 3 जनवरी 2026 पर गहरा असंतोष व्यक्त किया गया।

वक्ताओं ने कहा कि माननीय मंत्री द्वारा कोषाधिकारियों को जो जिम्मेदारियाँ सौंपी गई थीं, उनका निर्वहन कोषाधिकारी स्तर पर किया जाना चाहिए था, किंतु इसके विपरीत उक्त पत्र के माध्यम से कई दायित्व पेंशनर्स संगठनों पर डाल दिए गए हैं, जो पूर्णतः अनुचित है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इन कार्यों की जिम्मेदारी संबंधित कोषाधिकारी एवं विभागीय प्रशासन की होनी चाहिए।

बैठक में यह भी आशंका व्यक्त की गई कि उक्त पत्र के वर्तमान स्वरूप में लागू होने से प्रत्येक माह विवाद, भ्रम एवं असमंजस की स्थिति उत्पन्न होना लगभग निश्चित है। इस पर सदस्यों ने सर्वसम्मति से मांग की कि उक्त पत्र को तत्काल संशोधित कर माननीय मंत्री के निर्देशों के अनुरूप बनाया जाए।

संचालन के दौरान जिला मंत्री जयराज बहादुर सिंह ने बताया कि पत्र में पेंशनर्स की मृत्यु उपरांत शोकसभा एवं अन्य औपचारिकताओं की जिम्मेदारी पेंशनर्स संगठनों पर डाल दी गई है, जबकि यह दायित्व पूर्णतः कोषाधिकारी अथवा संबंधित विभाग का होना चाहिए।

बैठक में पेंशनर्स की अन्य प्रमुख मांगों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। वक्ताओं ने राशीकरण (कम्यूटेशन) की कटौती अवधि 15 वर्ष से घटाकर 11 वर्ष किए जाने, आठवें वेतन आयोग की संस्तुतियों को सभी पेंशनर्स पर समान रूप से लागू किए जाने सहित अन्य मांगों को शीघ्र पूरा किए जाने की पुरजोर मांग की।

इसके अतिरिक्त बैठक में पेंशन भुगतान में हो रही देरी पर भी तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की गई। वक्ताओं ने कहा कि शासन का स्पष्ट आदेश है कि यदि माह की पहली तारीख को अवकाश पड़ता है तो पेंशन/वेतन एक दिन पूर्व ही संबंधित खातों में भेज दिया जाए। इसके बावजूद वाराणसी के मुख्य कोषाधिकारी द्वारा अब तक पेंशनर्स के खातों में पेंशन प्रेषित नहीं की गई, जिसकी बैठक में घोर निंदा की गई। जबकि प्रदेश के अन्य जनपदों में कल सायं 4 बजे तक पेंशनर्स के खातों में पेंशन भेज दी गई थी।

बैठक को सर्वश्री अजय कुमार श्रीवास्तव (इंजीनियर), आनंद लाल, उमेश बहादुर सिंह (इंजीनियर), ए.के. सिंह, आर.के. सिंह, के.एल. सिंह, बंसीलाल जायसवाल, संजय श्रीवास्तव, त्रिलोचन तिवारी, अब्दुल सलाम (इंजीनियर), सी.बी. सिंह, डॉ. लालचंद प्रसाद, शैलेंद्र श्रीवास्तव सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया।

बैठक में उपस्थित पेंशनर्स ने एक स्वर में शासन से मांग की कि पेंशनर्स से जुड़े मामलों में आदेशों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित किया जाए, अन्यथा संगठन आंदोलन के लिए बाध्य होगा।

लेखक के बारे में

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted
Inline Feedbacks
View all comments

खबरें और भी हैं...

लाइव क्रिकट स्कोर

मौसम अपडेट

राशिफल

0
Would love your thoughts, please comment.x
()
x