वाराणसी। चंद्रा साहित्य परिषद (ट्रस्ट) के तत्वावधान में गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर “एक शाम शहीदों के नाम” विषयक देशभक्ति गीत-संगीत, काव्यगोष्ठी एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ, जिसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष इंजीनियर राम नरेश “नरेश”, मुख्य अतिथि संध्या श्रीवास्तव, अध्यक्ष दिनेश चंद्रा, विशिष्ट अतिथि डॉ. महेंद्र नाथ तिवारी ‘अलंकार’, भुलक्कड़ बनारसी, दीपक दबंग एवं डॉ. कैलाश सिंह ‘विकास’ ने सहभागिता की।
समारोह में साहित्यकारों एवं पत्रकारों को अंगवस्त्रम, प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं सुप्रसिद्ध लोक गायक विभूति नारायण सिंह (पूर्व उप महाप्रबंधक, एनटीपीसी) को संस्था के सर्वोच्च सम्मान “चंद्रा संगीत शिरोमणि सम्मान–2026” से अलंकृत किया गया।
कार्यक्रम के दौरान संस्था की संस्थापक, स्मृतिशेष चंद्रावती नरेश के चित्र पर पुष्प अर्पित कर सभी उपस्थितजनों ने कविताओं एवं लोकगीतों के माध्यम से भारत के वीर शहीदों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की। काव्य-पाठ और संगीत प्रस्तुतियों ने राष्ट्रप्रेम की भावना को सजीव कर दिया।

कार्यक्रम का सफल संचालन श्रीनाथ सोनांचली ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन इंजीनियर राम नरेश “नरेश” ने प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर प्रमुख रूप से अशोक प्रियदर्शी, मधुलिका राय, अखलाक भारतीय, सिद्धनाथ शर्मा, सुभाष चंद्रा, आलोक बेताब, आनंद सिंह अन्ना, सी.एल. विश्वकर्मा, अशोक कुमार, चंद्रसेन भारतीय सहित बड़ी संख्या में कवि, साहित्यकार एवं पत्रकारगण उपस्थित रहे। समारोह ने साहित्य, संगीत और राष्ट्रभक्ति के संगम से श्रोताओं के मन में देशप्रेम की अलख जगा दी।









