वाराणसी। सृजन सेवा ट्रस्ट, लठियां–बच्छाव के क्षेत्रीय कार्यालय, बच्छाव में आज राष्ट्रीय बालिका दिवस शिक्षा, सम्मान और अधिकार के सशक्त संकल्प के साथ हर्षोल्लासपूर्वक मनाया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य किशोरियों में शिक्षा के महत्व, आत्मसम्मान तथा संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूकता को सुदृढ़ करना रहा।
कार्यक्रम की भूमिका प्रस्तुत करते हुए वक्ताओं ने बताया कि 24 जनवरी को राष्ट्रीय बालिका दिवस इसलिए मनाया जाता है क्योंकि इसी दिन देश की प्रथम महिला प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्रीमती इंदिरा गांधी का जन्मदिवस है। उनके नेतृत्व और दृढ़ संकल्प ने यह सिद्ध किया कि अवसर मिलने पर महिलाएँ हर क्षेत्र में देश का गौरव बढ़ा सकती हैं।
वक्ताओं ने कहा कि आज महिलाएँ और किशोरियाँ शिक्षा, सुरक्षा, बैंकिंग, व्यापार, प्रशासन सहित सभी क्षेत्रों में अपनी सशक्त उपस्थिति दर्ज करा रही हैं। यदि किशोरियों को समय रहते शिक्षा, सम्मान और अधिकार प्राप्त हों, तो वे न केवल आत्मनिर्भर बनती हैं, बल्कि समाज को भी सकारात्मक दिशा प्रदान करती हैं।

गौरतलब है कि 17 जनवरी से 23 जनवरी 2026 तक काशी विद्यापीठ ब्लॉक की विभिन्न ग्राम पंचायतों में राष्ट्रीय बालिका दिवस सप्ताहव्यापी अभियान के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इसी क्रम में आज क्षेत्रीय कार्यालय पर विशेष समापन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर बेटाबर, टिकरी, कुरुहुवा और बच्छाव ग्राम पंचायतों से शिवानी, अंजली, रेशमा, सुषमा, सुमन सहित दर्जनों किशोरियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम में सृजन सेवा ट्रस्ट की ओर से बिंदु कुमारी, नेहा एवं राजेश सिंह ने प्रशिक्षक के रूप में उपस्थित रहकर किशोरियों को शिक्षा, अधिकारों की जानकारी, आत्मनिर्भरता तथा जीवन कौशल से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर मार्गदर्शन प्रदान किया। कार्यक्रम के समापन पर सभी किशोरियों ने शिक्षा को प्राथमिकता देने, अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और सम्मानजनक व समतामूलक समाज के निर्माण का सामूहिक संकल्प लिया।









