वाराणसी। पुलिस आयुक्त के स्पष्ट निर्देशों के क्रम में कमिश्नरेट वाराणसी में अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने के उद्देश्य से लगातार सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में थाना चेतगंज पुलिस को वाहन चोरी के एक मामले में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है।
सहायक पुलिस आयुक्त चेतगंज के पर्यवेक्षण तथा थाना प्रभारी चेतगंज विजय कुमार शुक्ला के कुशल नेतृत्व में ऑपरेशन चक्रव्यूह के अंतर्गत कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने अभियुक्त शुभम विश्वकर्मा पुत्र नीबू लाल विश्वकर्मा, निवासी नदेसर, थाना कैंट, वाराणसी (उम्र लगभग 26 वर्ष) को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने अभियुक्त को सम्पूर्णानन्द संस्कृत विश्वविद्यालय की दीवार के किनारे संदिग्ध अवस्था में पकड़ा, जिसकी तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक चोरी की स्कूटी बरामद की गई। प्रारंभिक पूछताछ में अभियुक्त द्वारा वाहन चोरी की घटना में संलिप्तता स्वीकार की गई है।

इस सफल गिरफ्तारी में थाना चेतगंज की सक्रिय पुलिस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही, जिसमें चौकी प्रभारी नाटी इमली संदीप कुमार सिंह, उप निरीक्षक राहुल बरनवाल तथा कांस्टेबल पुनीत कुमार शामिल रहे। पूरी कार्रवाई थाना चेतगंज कमिश्नरेट वाराणसी की टीम द्वारा की गई।
पुलिस द्वारा अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्यवाही करते हुए आगे की जांच की जा रही है, ताकि वाहन चोरी से जुड़े अन्य मामलों का भी खुलासा किया जा सके। कमिश्नरेट पुलिस ने स्पष्ट किया है कि शहर में अपराध करने वालों के विरुद्ध इस प्रकार की कठोर कार्रवाई आगे भी निरंतर जारी रहेगी।









