रोहनिया। स्थानीय थाना क्षेत्र के करसड़ा स्थित बुनकर आवासीय कॉलोनी में दोपहर बिजली की शॉर्ट सर्किट से भीषण आग लग गई। इस हादसे में अहमद अली नामक बुनकर के घर में रखा लाखों रुपये मूल्य का घरेलू सामान जलकर राख हो गया।

घटना के समय अहमद अली अपने परिवार के साथ कॉलोनी में ही थोड़ी दूरी पर एक पड़ोसी के घर गए हुए थे। इसी दौरान उनके मकान से अचानक धुआं उठता देख आसपास के लोगों ने सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर देखा गया कि घर में आग भड़क चुकी थी और सामान धू-धू कर जल रहा था।
अहमद अली ने तत्काल फायर ब्रिगेड को सूचना दी। साथ ही पड़ोसियों की मदद से पानी डालकर कड़ी मशक्कत के बाद काफी देर में आग पर काबू पाया गया। आग की चपेट में आने से मकान की दीवारें और छत भी क्षतिग्रस्त हो गईं।

घटना की जानकारी मिलने पर रोहनिया विधायक डॉ. सुनील पटेल के निर्देश पर अपना दल (एस) के जिला सचिव ओम प्रकाश सिंह तथा दक्षिणी जोन अध्यक्ष चंद्रशेखर पटेल पीड़ित के घर पहुंचे। उन्होंने नुकसान का जायजा लिया और सरकार से पीड़ित अहमद अली को आर्थिक सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।









