देहरादून। आगामी चारधाम यात्रा के दौरान मंदिर परिसरों में मोबाइल फोन, कैमरा और किसी भी प्रकार की फोटो-वीडियो रिकॉर्डिंग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। बद्रीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री और यमुनोत्री धाम में श्रद्धालु अब मंदिर के भीतर रील बनाना या वीडियो शूट नहीं कर सकेंगे। प्रशासन ने यात्रा की पवित्रता बनाए रखने और दर्शन व्यवस्था को सुचारू करने के उद्देश्य से यह निर्णय लिया है।
निर्देशों के अनुसार मंदिर में प्रवेश से पहले श्रद्धालुओं को मोबाइल और कैमरे निर्धारित काउंटर पर जमा कराने होंगे। सोशल मीडिया के लिए फोटो-वीडियो बनाने की अनुमति मंदिर परिसर में नहीं होगी। प्रशासन का कहना है कि पूर्व वर्षों में रील और वीडियो बनाने के कारण दर्शन में अव्यवस्था, भीड़ और धार्मिक मर्यादा भंग होने की शिकायतें सामने आई थीं।
हालांकि, मंदिर परिसरों के बाहर चिन्हित स्थानों पर फोटो-वीडियो लेने की छूट रहेगी। देवस्थान प्रबंधन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि चारधाम यात्रा को पर्यटन नहीं बल्कि आस्था की यात्रा मानते हुए नियमों का पालन करें, ताकि सभी श्रद्धालु शांतिपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में दर्शन कर सकें।










