वाराणसी। दिव्यांगजन सशक्तिकरण एवं समाज में प्रेरणादायी योगदान को सम्मानित करने की दिशा में 17 जनवरी को वाराणसी में भगवान वामन देव राष्ट्रीय गौरव सम्मान–2026 का प्रथम भव्य आयोजन संपन्न हुआ। आयोजन डॉ. उत्तम ओझा, सदस्य सलाहकार बोर्ड उत्तर प्रदेश सरकार के संयोजन में तथा लिटिल स्टार सोसाइटी के तत्वावधान में किया गया।
कार्यक्रम में काशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य अर्चक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जिनकी गरिमामयी उपस्थिति से आयोजन को विशेष गौरव प्राप्त हुआ।
इस अवसर पर समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय एवं प्रेरणादायी योगदान के लिए राहुल गुप्ता एवं रोहित गुप्ता (जुड़वा भाई), अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खिलाड़ी अनिल वर्मा, तथा शासकीय शिक्षक मिस काजल को भगवान वामन देव राष्ट्रीय गौरव सम्मान से सम्मानित किया गया।

वक्ताओं ने बताया कि भगवान वामन देव राष्ट्रीय गौरव सम्मान पहली बार प्रदान किया गया है। भगवान वामन देव को भगवान विष्णु का पंचम अवतार माना जाता है, जो आकार में छोटे लेकिन कर्तृत्व, साहस और संकल्प में महान थे। इसी प्रेरणा को आधार बनाकर इस राष्ट्रीय सम्मान की परिकल्पना की गई है।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से श्री अशोक चौरसिया, डॉ. संजय चौरसिया, डॉ. डी.बी. मिश्रा, राकेश पाण्डेय, महेंद्र सिंह, रोहित गुप्ता, अरविंद चक्रवाल, डॉ. सुनीता तिवारी, सुबोध राय सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक, समाजसेवी एवं बुद्धिजीवी उपस्थित रहे।









