नई दिल्ली। देशभर के टोल प्लाजा पर 1 अप्रैल से नकद भुगतान पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। अब वाहन चालकों को टोल शुल्क का भुगतान केवल FASTag और UPI जैसे डिजिटल माध्यमों से ही करना होगा। यह फैसला देश में हाईवे यात्रा को पूरी तरह डिजिटल, सुगम और समयबद्ध बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के सचिव वी. उमाशंकर ने इस फैसले की जानकारी देते हुए कहा कि “भारत तेजी से डिजिटल इकॉनमी की ओर बढ़ रहा है। पहले UPI के माध्यम से टोल भुगतान की सुविधा शुरू की गई, जिसे लोगों ने पसंद किया। अब सरकार ने टोल प्लाजा पर नकद भुगतान पर पूरी तरह रोक लगाने का निर्णय लिया है।”
सरकार का मानना है कि इस व्यवस्था से टोल प्लाजा पर लगने वाली लंबी कतारें समाप्त होंगी, यात्रा का समय घटेगा और ईंधन की बचत के साथ-साथ वाहन चालकों को आर्थिक लाभ भी मिलेगा। इसके अलावा टोल संग्रह में पारदर्शिता बढ़ेगी और डिजिटल भुगतान को बढ़ावा मिलेगा।

उल्लेखनीय है कि पहले ही FASTag को अनिवार्य किया जा चुका है और अब UPI को भी विकल्प के रूप में पूरी तरह लागू कर हाईवे यात्रा को आधुनिक और डिजिटल स्वरूप दिया जा रहा है।









