वाराणसी। मुख्यमंत्री डैशबोर्ड द्वारा जारी दिसंबर माह की रैंकिंग में पुलिस कमिश्नरेट वाराणसी ने प्रदेश स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए तीसरा स्थान प्राप्त किया है। यह उपलब्धि अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था एवं प्रशासनिक दक्षता के क्षेत्र में वाराणसी पुलिस के सशक्त और प्रभावी कार्यों को दर्शाती है।
मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की यह रैंकिंग प्रदेश के समस्त पुलिस कमिश्नरेट व जनपदों के प्रदर्शन के आधार पर तैयार की जाती है, जिसमें कुल 51 विभिन्न मानकों को शामिल किया गया है। इन मानकों में अपराध नियंत्रण, कानून-व्यवस्था की स्थिति, विवेचना की गुणवत्ता, मामलों का समयबद्ध निस्तारण, पुरस्कार घोषित वांछित अपराधियों की गिरफ्तारी, डायल-112 पुलिस सेवा का रिस्पॉन्स टाइम, महिला अपराधों की रोकथाम, एससी/एसटी एक्ट से जुड़े मामलों में प्रभावी कार्रवाई, गुंडा एवं गैंगस्टर एक्ट के अंतर्गत की गई कार्यवाही प्रमुख रूप से शामिल हैं।
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने इस उपलब्धि पर संतोष व्यक्त करते हुए बताया कि कानून एवं व्यवस्था के क्षेत्र में वाराणसी पुलिस ने लगातार बेहतर प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि अपराधियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई, त्वरित पुलिस रिस्पॉन्स, सतर्क गश्त व्यवस्था तथा जनशिकायतों के त्वरित निस्तारण के कारण यह सफलता प्राप्त हुई है।

उन्होंने आगे कहा कि महिला सुरक्षा, कमजोर वर्गों से जुड़े मामलों और संगठित अपराध के विरुद्ध की गई निरंतर कार्यवाही का सकारात्मक प्रभाव मुख्यमंत्री डैशबोर्ड की रैंकिंग में स्पष्ट रूप से परिलक्षित हुआ है। पुलिस आयुक्त ने इस उपलब्धि का श्रेय पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की टीमवर्क, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा को दिया।
वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट द्वारा भविष्य में भी कानून-व्यवस्था को और सुदृढ़ करने, अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाने तथा आम जनता को सुरक्षित वातावरण प्रदान करने के लिए इसी प्रतिबद्धता के साथ कार्य जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया गया है।









