वाराणसी। राज्यसभा में विपक्ष के उपनेता एवं कांग्रेस के वरिष्ठ नेता प्रमोद तिवारी ने आज कांग्रेस महासचिव एवं सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा के जन्मदिन के अवसर पर उन्हें शुभकामनाएं देते हुए आयोजित पत्रकार वार्ता में मनरेगा सहित विभिन्न समसामयिक मुद्दों पर केंद्र सरकार को आड़े हाथों लिया।
श्री तिवारी ने कहा कि मोदी सरकार ने न केवल भारत बल्कि विश्व की सबसे बड़ी रोजगार गारंटी योजना महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) को छलपूर्वक कमजोर करने का काम किया है। यह योजना एक अधिनियम द्वारा संरक्षित थी, जिसे अब सरकार ने उसके मूल स्वरूप से लगभग समाप्त कर दिया है।
उन्होंने कहा कि वर्ष 1947 के बाद किसी ने यह नहीं सोचा था कि देश में ऐसी सरकार आएगी जो राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के नाम पर चल रही विश्व की सबसे बड़ी जनकल्याणकारी योजना को खत्म करने का प्रयास करेगी।

प्रमोद तिवारी ने बताया कि मनरेगा के अंतर्गत प्रतिवर्ष लगभग 12 करोड़ परिवारों को 100 दिनों के रोजगार की गारंटी दी जाती थी। इस कानून की आत्मा “गारंटीकृत आजीविका सुरक्षा” थी। यूपीए सरकार के दौरान सोनिया गांधी की प्रेरणा से डॉ. मनमोहन सिंह सरकार ने इस कानून को संसद से सर्वसम्मति से पारित कराया था, ताकि ग्रामीण भारत का कोई गरीब परिवार भूख और बेरोजगारी से मजबूर न हो।
उन्होंने कहा कि पहले नाथूराम गोडसे ने महात्मा गांधी की शारीरिक हत्या की, अब मोदी सरकार गांधी जी की वैचारिक हत्या कर रही है, और मनरेगा इसका सबसे बड़ा उदाहरण है।
श्री तिवारी ने आरोप लगाया कि जहां पहले मनरेगा में केंद्र सरकार का 90 प्रतिशत और राज्य का 10 प्रतिशत योगदान होता था, वहीं अब इसे बदलकर केंद्र 60 प्रतिशत और राज्य 40 प्रतिशत कर दिया गया है, जिससे पहले से कर्ज में डूबे राज्यों पर अतिरिक्त बोझ डाला जा रहा है।
उन्होंने कहा कि मनरेगा को समाप्त कर मोदी सरकार ने देश की राजनीति में एक काला अध्याय जोड़ दिया है। कांग्रेस ने संकल्प लिया है कि इस अन्यायपूर्ण व्यवस्था के खिलाफ संघर्ष जारी रहेगा और सत्ता में आने पर मनरेगा को उसके मूल स्वरूप में पुनः लागू किया जाएगा।
प्रमोद तिवारी ने बताया कि कांग्रेस पार्टी आगामी 100 दिनों में प्रदेशभर में कई महत्वपूर्ण अभियान चलाएगी—
संविधान संवाद महापंचायत – वाराणसी, लखनऊ सहित पूरे प्रदेश में योगी सरकार की विफलताओं को जनता के बीच रखा जाएगा।
मनरेगा बचाओ संग्राम – मनरेगा मजदूरी ₹400 प्रतिदिन करने के संकल्प के साथ आंदोलन।
SIR (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) – जिन मतदाताओं के नाम कटे या छूटे हैं, उन्हें पुनः शामिल कराने के लिए मॉनिटरिंग।
पंचायत चुनाव 2026 – कांग्रेस पार्टी सृजन अभियान के तहत पूरी मजबूती से और अकेले चुनाव लड़ेगी।
सेवा और बलिदान के 140 वर्ष – कांग्रेस स्थापना के 140 वर्ष पूरे होने पर पूरे वर्ष कार्यक्रम आयोजित होंगे।
एमएलसी चुनाव 2026 – स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों में मजबूती से चुनाव।
रमाबाई अंबेडकर मैदान में महारैली – प्रदेशभर से हजारों कार्यकर्ताओं की सहभागिता।
संगठन सृजन – प्रदेश में 9 हजार मंडल व लगभग 1.5 लाख बूथ अध्यक्ष नियुक्त; SIR के लिए 1 लाख BLA की तैनाती।
पत्रकार वार्ता में राजेश्वर पटेल, राघवेंद्र चौबे, संजीव सिंह, प्रमोद पाण्डेय, दुर्गा प्रसाद गुप्ता, फसाहत हुसैन बाबू, वीरेन्द्र कपूर, गुलशन अली, राजेश गुप्ता, सतनाम सिंह, अरुण सोनी, वकील अंसारी, संतोष चौरसिया, अनुराधा यादव, अब्दुल हमीद डोडे, रोहित दुबे, अनुभव राय, परवेज खान, विनीत चौबे, राम सृंगार पटेल सहित अनेक कांग्रेसजन उपस्थित रहे।









