वाराणसी। राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस), राष्ट्रीय कैडेट कोर (एनसीसी), भारत स्काउट एवं गाइड तथा रोवर्स-रेंजर्स के संयुक्त तत्वावधान में काशी हिंदू विश्वविद्यालय में सड़क सुरक्षा जागरूकता माह (01 से 31 जनवरी 2026) के अंतर्गत शुक्रवार को भव्य सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली का आयोजन किया गया।
रैली का शुभारंभ विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. आनंद कुमार त्यागी ने पंत प्रशासनिक भवन के समक्ष स्थित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर किया। इस अवसर पर कुलपति प्रो. त्यागी ने स्वयंसेवकों एवं छात्र-छात्राओं को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई और यातायात नियमों के कड़ाई से पालन का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल नियम नहीं, बल्कि जीवन रक्षा का माध्यम है, जिसे हर नागरिक को आत्मसात करना चाहिए।
सड़क सुरक्षा जागरूकता रैली पंत प्रशासनिक भवन से प्रारंभ होकर गांधी अध्ययनपीठ होते हुए मलदहिया चौराहे तक पहुँची। चौराहे पर रैली में शामिल स्वयंसेवकों ने बिना हेलमेट वाहन चला रहे लोगों को रोककर प्रेमपूर्वक गुलाब का फूल भेंट किया और उन्हें भविष्य में हेलमेट पहनकर वाहन चलाने के लिए प्रेरित किया। यह अनोखा और सकारात्मक प्रयास आमजन में खासा आकर्षण का केंद्र बना।

इस जागरूकता अभियान में कुलसचिव डॉ. सुनीता पाण्डेय, परीक्षा नियंत्रक दीप्ति मिश्रा, राष्ट्रीय सेवा योजना समन्वयक डॉ. रविंद्र कुमार गौतम, कुलानुशासक प्रो. कृष्ण कुमार सिंह, डॉ. अंबरीश राय, डॉ. सतीश कुशवाहा, प्रो. रमाकांत सिंह, जिला मुख्य आयुक्त भारत स्काउट गाइड, डॉ. आयुष कुमार (लेफ्टिनेंट एनसीसी), डॉ. ध्यानेंद्र कुमार मिश्रा, डॉ. शशि प्रकाश, डॉ. वीणा वादिनी अर्याल, स्वतंत्र कुमार सिंह, ओम प्रकाश यादव सहित बड़ी संख्या में एनएसएस स्वयंसेवक, एनसीसी कैडेट्स तथा भारत स्काउट गाइड के सदस्य उपस्थित रहे।
रैली के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि सतर्कता, संयम और नियमों का पालन ही सड़क दुर्घटनाओं से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।









