वाराणसी। पुलिस आयुक्त कमिश्नरेट वाराणसी के निर्देश पर यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए जाने के उद्देश्य से सड़कों के किनारे अतिक्रमण के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में बुधवार को चेतगंज पुलिस ने तेलियाबाग क्षेत्र में विशेष अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। अभियान के दौरान बार-बार मना किए जाने के बावजूद अतिक्रमण न हटाने एवं पुलिस से विवाद करने पर चार दुकानदारों को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों में राजू सिद्दीकी पुत्र मोनू सिद्दीकी निवासी जगतगंज थाना चेतगंज, अजीत बरनवाल पुत्र त्रिभुवन बरनवाल निवासी सेनपुरा कबीर रोड, आनंद कुमार पुत्र भुल्लन राम निवासी तेलियाबाग थाना चेतगंज तथा दीपक लाल पुत्र बुद्धू लाल निवासी पटेल चौराहा करछना शामिल हैं। पुलिस द्वारा चारों अभियुक्तों के विरुद्ध भा.दं.वि. की धारा 285, 292, 293 बीएनएस तथा 170, 126, 135 बीएनएसएस के अंतर्गत चालान कर उन्हें विशेष कार्यपालक मजिस्ट्रेट/सहायक पुलिस आयुक्त नगर के समक्ष पेशी हेतु प्रेषित किया गया। इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक चेतगंज विजय कुमार शुक्ला, उपनिरीक्षक सत्येन्द्र यादव, आरक्षी किशन कुमार गौड़ एवं आरक्षी मनीष शर्मा सहित पुलिस टीम मौजूद रही।








